Seeds That Help Digest Food Faster: अच्छी सेहत के लिए खाना सही तरह पचना जरूरी होता है. अगर खाना नहीं पचेगा, तो इससे अपच, गैस, एसिडिटी समेत कई परेशानियां हो सकती हैं. गलत लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खाने की आदतों के कारण पाचन से जुड़ी समस्याएं कॉमन हो गई हैं. गैस, अपच, भारीपन और एसिडिटी जैसी दिक्कतें अक्सर खाना खाने के बाद परेशान करती हैं. क्या आप जानते हैं कि रसोई में मौजूद कुछ छोटे-छोटे बीज इन समस्याओं से राहत दिलाने में बेहद असरदार होते हैं? आयुर्वेद में ऐसे कई बीज बताए गए हैं, जिन्हें भोजन के बाद चबाने से खाना जल्दी पचता है.
खाने के बाद ये बीज चबाना फायदेमंद
सौंफ : हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक खाना खाने के बाद सौंफ चबाने की आदत भारत में सदियों से चली आ रही है. सौंफ में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और पाचन एंजाइम्स पाए जाते हैं, जो भोजन को आसानी से पचाने में मदद करते हैं. यह पेट की गैस, सूजन और जलन को कम करती है. सौंफ माउथ फ्रेशनर का काम करती हैं और मुंह की दुर्गंध दूर करती है. यह पेट को ठंडक पहुंचाती है, जिससे भोजन के बाद हल्कापन महसूस होता है.
अजवाइन : अजवाइन को आयुर्वेद में पाचन के लिए रामबाण माना गया है. इसमें मौजूद थाइमोल तत्व पाचन रसों को सक्रिय करता है, जिससे भारी भोजन भी आसानी से पच जाता है. खाना खाने के बाद थोड़ी-सी अजवाइन चबाने से गैस, पेट दर्द और एसिडिटी में राहत मिलती है. खासकर जिन लोगों को तला-भुना या मसालेदार खाना खाने के बाद परेशानी होती है, उनके लिए अजवाइन बेहद फायदेमंद है.
जीरा : जीरा सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला मसाला ही नहीं, बल्कि पाचन के लिए भी बहुत उपयोगी है. जीरा चबाने से पाचन एंजाइम्स सक्रिय होते हैं और आंतों की कार्यक्षमता बेहतर होती है. यह कब्ज, अपच और पेट की भारीपन की समस्या को कम करता है. साथ ही जीरा शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को बेहतर बनाता है, जिससे खाने का पूरा फायदा शरीर को मिल पाता है.
कैसे और कब करें इन बीजों का सेवन
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो खाने के बाद आधा-आधा चम्मच सौंफ, अजवाइन और जीरा मिलाकर हल्का सा चबा सकते हैं. चाहें तो सौंफ को अलग भी चबा सकते हैं और अजवाइन-जीरा को हल्का भूनकर इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें चबाकर खाने से इनके प्राकृतिक तेल सक्रिय हो जाते हैं, जो पाचन को तेज करते हैं. नियमित रूप से ऐसा करने से पेट से जुड़ी कई समस्याओं में सुधार देखा जा सकता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)