हरदा जिले की टिमरनी तहसील मुख्यालय के वार्ड नंबर तीन में गुरुवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई छिदगांव–हरदा रोड पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए की गई। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर एसडीएम संजीव कुमार नागू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। प्रशासन ने रेलवे ओवरब्रिज की जद में आ रहे कुल 84 आवासीय और व्यावसायिक ढांचों को हटाना शुरू किया। यह सभी निर्माण शासकीय भूमि पर बताए गए हैं। पहले दिए गए थे नोटिस तहसीलदार श्वेता बमोरे ने बताया कि जिन लोगों के निर्माण हटाए जा रहे हैं, उन्हें 15 दिन पहले नोटिस दिए गए थे। इसके बाद उनकी पेशी भी हुई और बेदखली का आदेश जारी किया गया था। आदेश में एक सप्ताह के भीतर मकान और दुकानें हटाने के निर्देश दिए गए थे। गुरुवार सुबह मुनादी कराने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। रहवासियों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें दुकानों में रखा सामान हटाने का पूरा मौका नहीं दिया और सुबह से ही तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। एसडीएम से संपर्क नहीं हो सका इस पूरे मामले पर एसडीएम संजीव कुमार नागू से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। .