खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटी मावा जब्त किया।
ग्वालियर में दीपावली से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरोल थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह भिंड से लाए गए 26 डलिया मिलावटी मावा जब्त किया है। हुरावली रोड से एक पिकअप और दो ऑटो में मावा लोड करते हुए तीन चालकों को भी पकड़ा गया।
.
लोडिंग में मिलावटी मावा रखा गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भिंड से मिलावटी मावा ग्वालियर में सप्लाई के लिए लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर, पुलिस ने हुरावली बी ब्लॉक रोड पर दबिश दी। मौके से एक बिना नंबर की पिकअप और दो ऑटो (MP07 RA 0668, MP07 RA 2811) में भरा लगभग 1040 किलोग्राम मिलावटी मावा बरामद हुआ।
सिरोल थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे यह कार्रवाई की गई। मावा शहर में विभिन्न स्थानों पर भेजा जाना था। पुलिस ने जब्त किए गए वाहनों और मावे को थाने पहुंचाया था और खाद्य विभाग को सूचित किया गया था।
सूचना मिलने पर खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने जब्त मावे के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। वही खाद्य अधिकारियों ने तीनों चालकों से बाउंड ओवर भरवाकर जब्त मावे की डलिया उनके सुपुर्द कर दीं हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मावे के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की टीम ने मावा के सैंपल लिए।
पुलिस ने जब मिलावटी मावे के संबंध में लोडिंग चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम 35 वर्षीय रवि यादव पुत्र रामजीलाल यादव निवासी मौ जिला भिंड का रहने वाला बताया है पुलिस ने उसको बताया है कि वह तो सिर्फ मावे की डलियों की ग्वालियर में डिलीवरी देने आया था। वही ऑटो में मिलावटी मावे की डलिया लोड कर ऑटो चालक ने अपना नाम 32 वर्षीय रवि कुशवाहा पुत्र भोलाराम कुशवाहा निवासी गंगा मालनपुर, तथा दूसरे ऑटो चालक ने अपना नाम 30 वर्षीय जितेंद्र रजक पुत्र रामदुलारे रजक निवासी ग्राम अर्दोनी सनीचरा मुरैना मैं रहने वाले के रूप में हुई है।