हत्या के प्रयास का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार: सीहोर मंडी पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के चलते पकड़ा – Sehore News

सीहोर पुलिस ने मंगलवार को हत्या के प्रयास के एक अज्ञात आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 13 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे सीहोर में भोपाल-इंदौर रोड पर ग्रीन वैली होटल के पास हुई थी। इस मामले में 40 वर्षीय पंजाब सिंह गुर्जर घायल हुए थे।

.

एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि 13 अक्टूबर को पंजाब सिंह अपने मित्र दिनेश धनगर के साथ इंदौर जा रहे थे। चौपाल सागर के पास एक हेलमेट पहने बाइक सवार ने उनकी गाड़ी रुकवाने का इशारा किया। जैसे ही पंजाब सिंह गाड़ी से नीचे उतरे, हमलावर ने रॉड से उनके सिर पर वार किया। पंजाब सिंह बेहोश होकर गिर गए और आरोपी कार की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद थाना प्रभारी मंडी सुनील मेहर और थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र यादव के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान 36 वर्षीय हिम्मत सिंह मीणा निवासी कुरावर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को कुरावर से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि पंजाब सिंह गुर्जर पिछले कुछ महीनों से हिम्मत सिंह मीणा को ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपए की मांग कर रहा था। पंजाब सिंह ने हिम्मत सिंह की फर्जी डी.एड. मार्कशीट की जानकारी प्राप्त कर उसे नौकरी से बर्खास्त करवाने की धमकी दी थी, जिससे हिम्मत सिंह परेशान था।

इसी परेशानी के चलते हिम्मत सिंह ने भोपाल से पंजाब सिंह की गाड़ी का पीछा किया और इशारा कर उसे रुकवाया। पंजाब सिंह के गाड़ी से उतरते ही उसने बाइक में रखी रॉड से उसके सिर पर वार किया, कार की चाबी ली और मौके से भाग गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक बाइक, वेन्यू कार और रॉड जब्त की है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *