Last Updated:
AC Servicing Tips and Tricks: गर्मी के मौसम में AC की सही देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है ताकि कूलिंग बनी रहे और बिजली बिल कम आए. एक्सपर्ट्स के मुताबिक समय पर सर्विसिंग और फिल्टर की सफाई से AC की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है. सही तापमान पर AC चलाने से बिजली की खपत काफी हद तक कम की जा सकती है. अगर कूलिंग कम हो रही है तो गैस और कॉइल की जांच जरूरी है. जानिए आसान टिप्स जिनसे आपका AC लंबे समय तक सही चलेगा और खर्च भी कम होगा.
AC Cooling Tips: तेजी से बढ़ती गर्मी के बीच AC अब लग्जरी नहीं बल्कि जरूरत बन चुका है. ऐसे में अगर आपका एसी अचानक खराब हो जाए या सही कूलिंग न दे तो परेशानी बढ़ना तय है. खास बात यह है कि ज्यादातर मामलों में एसी खराब होने की वजह कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं बल्कि समय पर सर्विसिंग न होना होता है. यही कारण है कि एक्सपर्ट्स लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए तो न सिर्फ ऐसी की लाइफ बढ़ाई जा सकती है बल्कि बिजली बिल में भी अच्छी-खासी बचत की जा सकती है.
समय पर सर्विसिंग ही सबसे बड़ा बचाव
लोकल 18 से बातचीत में सात वर्षों से ऐसी रिपेयरिंग का काम कर रहे इंजीनियर संदीप वर्मा बताते हैं कि एसी की बेहतर रनिंग के लिए समय-समय पर सर्विसिंग बेहद जरूरी है. उनका कहना है कि सीजन के दौरान हर 2 महीने में वॉशेबल सर्विसिंग जरूर करवानी चाहिए. इसके अलावा हर 3 से 6 महीने के भीतर फिल्टर की सफाई, गैस लेवल की जांच और आउटडोर यूनिट की देखभाल जरूरी होती है. ऐसा करने से ऐसी की कूलिंग बनी रहती है और मशीन अचानक खराब होने से बच जाती है.
फिल्टर की सफाई खुद करें, खर्च भी बचेगा
एक्सपर्ट के अनुसार ऐसी का फिल्टर सबसे ज्यादा धूल और गंदगी जमा करता है जिससे कूलिंग पर सीधा असर पड़ता है. अच्छी बात यह है कि फिल्टर की सफाई आप खुद भी कर सकते हैं. हर 10 से 15 दिन में पैनल खोलकर दोनो फिल्टर निकालें और साफ पानी से धोकर दोबारा लगा दें. इससे न सिर्फ कूलिंग बेहतर होगी बल्कि सर्विसिंग का खर्च भी कम होगा.
कूलिंग कम हो तो गैस और कॉइल की जांच जरूरी
अगर आपका AC ठीक से ठंडा नहीं कर रहा है तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. संदीप के मुताबिक ऐसी स्थिति में तुरंत गैस लेवल और कूलिंग कॉइल की जांच करवानी चाहिए. समय पर सर्विसिंग न होने पर कॉपर कॉइल में धूल जमने से जंग लग सकता है जिससे एसी की परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है और मरम्मत का खर्च बढ़ जाता है.
सही तापमान पर चलाएं AC, बिजली बिल होगा कम
अक्सर लोग यह मानते हैं कि ऐसी को 16 डिग्री पर चलाने से ज्यादा ठंडक मिलेगी लेकिन यह पूरी तरह गलत है. एक्सपर्ट के अनुसार एसी उतनी ही कूलिंग करेगा जितनी उसकी क्षमता है. ऐसे में 24 से 26 डिग्री के बीच एसी चलाना सबसे बेहतर माना जाता है इससे न सिर्फ बिजली की खपत कम होती है बल्कि मशीन पर भी कम दबाव पड़ता है जिससे उसकी लाइफ बढ़ती है.
सर्विसिंग का खर्च और सही उपयोग के टिप्स
एसी सर्विसिंग के खर्च की बात करें तो ड्राय सर्विस का चार्ज करीब 400 रुपये तक होता है जबकि ज्यादा दूर सर्विस होने पर 500 रुपये तक पहुंच सकती है. वहीं जेट पंप से वॉशेबल सर्विसिंग कराने पर करीब 800 रुपये खर्च आता है जिसमें इनडोर और आउटडोर दोनों यूनिट की सफाई होती है. नए एसी पर एक साल तक कंपनी की ओर से सर्विसिंग दी जाती है लेकिन उसके बाद नियमित मेंटेनेंस जरूरी हो जाता है.
एयरटाइट रूम और सही रनिंग से बढ़ेगी लाइफ
एक्सपर्ट यह भी बताते हैं कि ऐसी की परफॉर्मेंस केवल मशीन पर नहीं बल्कि उसके उपयोग पर भी निर्भर करती है. अगर कमरा पूरी तरह एयरटाइट है तो ऐसी जल्दी ठंडा करेगा और बिजली की खपत कम होगी. साथ ही दिन में करीब 8 से 10 घंटे एसी चलाना संतुलित माना जाता है जिससे मशीन पर ज्यादा लोड नहीं पड़ता. कुल मिलाकर थोड़ी सी समझदारी और नियमित देखभाल से आप अपने एसी को लंबे समय तक बेहतर हालत में रख सकते हैं. समय पर सर्विसिंग और सही इस्तेमाल न सिर्फ आपकी जेब बचाएगा बल्कि भीषण गर्मी में आपको राहत भी देगा.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
.