नीमच शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके फव्वारा चौक पर शुक्रवार शाम मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे युवक की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी। सरेराह हुई इस मारपीट से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी अपनी बेल्ट निकालकर युवक पर ताबड़तोड़ वार करता नजर आ रहा है। सरेआम हो रही इस मारपीट को देख मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विनोबागंज निवासी आरोपी शुभम (पिता नरेंद्र मोची) को हिरासत में ले लिया है। लोग बोले- गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई करें शहर के मुख्य चौराहे पर हुई इस हिंसक घटना से स्थानीय नागरिकों में काफी आक्रोश है। लोगों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती गुंडागर्दी पर चिंता जाहिर की है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में मुख्य बाजारों और व्यस्त चौराहों पर इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। टीआई निलेश अवस्थी ने बताया- आरोपी के खिलाफ शांति भंग करने और मारपीट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। .