जिम की एक छोटी सी गलतियां बन सकती है हार्ट अटैक की वजह, कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया कारण और बचने के 5 टिप्स

Cardiologist Gym Safety Tips: आजकल जिम में बड़ी संख्या में लोग वर्कआउट करते हुए देखे जा सकते हैं. हर उम्र के लोग स्वस्थ और एक्टिव रहने के लिए जिम का रुख कर रहे हैं. वजन घटाने, मसल्स बनाने और स्टैमिना बढ़ाने के लिए जिम एक लोकप्रिय जगह बन चुकी है. जिम जाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन जिम में वर्कआउट के दौरान हार्ट अटैक के कई मामले सामने आ चुके हैं. इन हादसों के बाद जिम वर्कआउट को लेकर सवाल भी उठते रहे हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जिम में अक्सर लोग कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जो हार्ट के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं. अगर आप जिम जॉइन करने जा रहे हैं, तो सबसे पहले अपना हेल्थ चेकअप कराएं और अपने ट्रेनर को सेहत से जुड़ी जरूरी बातें बताएं. इससे खतरा कम हो सकता है.

नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल की सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वनीता अरोरा ने News18 को बताया कि जिम जॉइन करने से पहले अधिकतर लोग अपना हेल्थ चेकअप नहीं कराते हैं, जिससे उनके शरीर में छिपी बीमारियों का पता नहीं लग पाता है. कई लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और हार्ट डिजीज की फैमिली हिस्ट्री होती है. ऐसे लोग अगर जिम में जाकर अपनी मर्जी से वर्कआउट करेंगे, तो हार्ट डिजीज समेत कई जानलेवा परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है. जिम जॉइन करने से पहले सभी को कॉमन टेस्ट के अलावा हार्ट की जांच भी करानी चाहिए. खासतौर से अगर आपकी उम्र 40 साल के पार है, तो आप कार्डियोलॉजिस्ट की सलाह के बिना जिम जॉइन न करें. इससे आपका दिल सलामत बना रहेगा.

डॉक्टर ने बताया कि जिम जॉइन करने के बाद अधिकतर लोग मसल्स के लिए प्रोटीन सप्लीमेंट्स समेत कई ऐसी चीजें लेना शुरू कर देते हैं, जिनसे बॉडी बन जाती है, लेकिन इनका बुरा असर हार्ट पर पड़ता है. बाजार में मिलने वाले तमाम सप्लीमेंट्स में शरीर के लिए घातक सिंथेटिक एलीमेंट्स होते हैं, जिनसे हार्ट को गंभीर नुकसान होता है और कार्डियक अरेस्ट का खतरा बढ़ जाता है. कई लोग बॉडी बनाने के लिए स्टेरॉयड्स लेना शुरू कर देते हैं, जो जानलेवा हो सकते हैं. अगर आप जिम में जाकर तेजी से मसल्स बनाने के लिए कोई शॉर्टकट अपना रहे हैं, तो तुरंत इन चीजों से दूरी बना लें. ये चीजें आपको हार्ट का मरीज बना सकती हैं.

एक्सपर्ट की मानें तो जिम में जाकर अपनी मर्जी से अचानक हाई इंटेंसिटी वर्कआउट शुरू करना भी हार्ट के लिए सही नहीं होता है. जो लोग लंबे समय से व्यायाम नहीं करते और सीधे HIIT, भारी वेट लिफ्टिंग या तेज रनिंग पर उतर पड़ते हैं, उनके हार्ट पर अचानक बोझ पड़ता है. हाई इंटेंसिटी एक्सरसाइज के दौरान हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ते हैं. अगर धमनियों में पहले से ब्लॉकेज या प्लाक हो तो हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट को ट्रिगर कर सकता है. यह जोखिम कम फिजिकल एक्टिविटी करने वाले लोगों में ज्यादा होता है. जिम में वर्कआउट की इंटेंसिटी हमेशा धीरे-धीरे बढ़ाएं, ताकि शरीर एडजस्ट हो सके.

हार्ट स्पेशलिस्ट के अनुसार जिम में वार्म-अप और कूल-डाउन को इग्नोर करना भी दिल के लिए नुकसानदायक है. बिना 5-10 मिनट के लाइट वार्म-अप जैसे वॉकिंग या लाइट कार्डियो के सीधे भारी एक्सरसाइज शुरू करने से हार्ट और मांसपेशियां अचानक सक्रिय हो जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट में अचानक उछाल आता है. इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है. वार्म-अप हार्ट को धीरे-धीरे शरीर को तैयार करता है और तनाव कम करता है. इसी तरह वर्कआउट के बाद कूल-डाउन जैसे स्ट्रेचिंग और धीमी सांस न करने से हार्ट रेट अचानक गिर सकता है, जिससे चक्कर, बेहोशी या अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

जिम में कई लोग डिहाइड्रेशन, ओवरट्रेनिंग और शरीर के सिग्नल्स को नजरअंदाज करते हैं. पर्याप्त पानी न पीने से इलेक्ट्रोलाइट इंबैलेंस होता है, जो हार्ट रिदम को प्रभावित कर सकता है. लगातार ओवरट्रेनिंग से शरीर में सूजन, हार्मोनल असंतुलन और हार्ट पर एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है. इससे सीने में दर्द, असामान्य सांस फूलना, चक्कर, अत्यधिक थकान जैसे संकेत नजर आते हैं. इन संकेतों को इग्नोर न करें, क्योंकि ये हार्ट की परेशानी के शुरुआती संकेत हो सकते हैं. ऐसी कंडीशन में तुरंत एक्सरसाइज रोकें और मेडिकल हेल्प लें. एक्सरसाइज हार्ट हेल्थ के लिए सबसे अच्छी दवा है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. जिम में छोटी-छोटी गलतियां जानलेवा साबित हो सकती हैं.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *