मैहर के अमरपाटन कस्बे में रविवार देर रात सतना चौराहा स्थित एक किराना गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने का अनुमान है।
.
रात करीब 2:30 बजे सतना चौराहे पर गश्त कर रही डायल 112 की पुलिस टीम ने गोदाम से धुआं उठता देखा। टीम ने तत्काल थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते को सूचना दी, जिसके बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने तुरंत फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग और जेई को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मैहर और रामनगर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गोदाम की अधिक लंबाई के कारण दमकल की पाइप आग के मूल स्थान तक नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसी कठिन परिस्थितियों में थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते स्वयं दमकल टीम के साथ बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने में जुटे। पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने आग बुझने तक स्थिति का पल-पल अपडेट लिया।
यह गोदाम थोक किराना व्यापारी अजीत कुमार जैन का था। गोदाम के ठीक ऊपर उनका परिवार रहता है, जो सौभाग्य से आग की चपेट में आने से सुरक्षित बच गया।
आग से गोदाम में रखा किराना और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जिसमें शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है।

