धार शहर के गायत्री शक्तिपीठ में नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि उत्सव शनिवार शाम संपन्न हो गया। इस अवसर पर पंचकुंडीय यज्ञ, पूर्णाहुति, कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंचकुंडीय यज्ञ के दौरान पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार किया गया। श्रद्धालुओं ने गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के साथ ही विभिन्न संस्कार भी संपन्न कराए गए। मुख्य ट्रस्टी रमेश चंद्र सचान ने बताया कि नौ दिनों तक चले इस उत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन दिवस पर पूर्णाहुति के पश्चात कन्या पूजन किया गया। इसके बाद कन्या भोज और प्रसादी वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। शनिवार शाम आयोजित इन कार्यक्रमों के साथ ही चैत्र नवरात्रि उत्सव का विधिवत समापन हुआ। .