MP LIVE: मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र अब तेज़ी पकड़ने वाला है. आज दूसरा दिन है और सदन का माहौल पहले से ही गर्म होने के संकेत दे रहा है. विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है, जबकि सरकार की ओर से भी अहम विधेयक और वित्तीय प्रस्ताव पेश किए जाएंगे. कुल मिलाकर आज का दिन राजनीतिक तौर पर काफी हलचल भरा रहेगा. सदन में आज जिस मुद्दे पर सबसे ज्यादा तीखी बहस होने की उम्मीद है, वह है VIT यूनिवर्सिटी का मामला. विपक्ष इसे ध्यान आकर्षण के माध्यम से जोरदार तरीके से उठाने वाला है. विपक्ष का दावा है कि इस मामले में कई अनियमितताएं हुई हैं और सरकार को जवाब देना ही होगा. आज सदन बच्चों में बढ़ते स्मार्टफोन और इंटरनेट एडिक्शन के खतरे पर भी आवाज उठाएगा. विपक्ष का कहना है कि राज्य में बच्चे तेजी से डिजिटल लत का शिकार हो रहे हैं, जिससे मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है. इसके लिए ठोस नीति की मांग की जाएगी.
December 2, 202510:22 IST
बांधवगढ़ में तेंदुए का मिला क्षत-विक्षत शव
बांधवगढ़ के मानपुर बफर के मचखेता बीट में एक तेंदुए का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसमें लगभग 6 माह के तेंदुए के शरीर के अलग-अलग अंग मिले. शरीर से सिर और पूंछ अलग थे. एनटीसीए की एसओपी के तहत शव का पीएम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। डॉग स्क्वाड से मौका निरीक्षण में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई. मौके पर बाघ की मौजूदगी के निशान मिलने से बाघ द्वारा शिकार का दावा किया गया.
December 2, 202510:19 IST
महिला क्रिकेट टीम की सदस्य स्नेहा राणा ने सुबह भस्म आरती में किए बाबा महाकाल के दर्शन
उज्जैन महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य स्नेहा राणा ने सुबह भस्म आरती में ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए. दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति के उप प्रशासक एस.एन. सोनी और इंजीनियर शिवाकांत पांडे ने स्नेहा राणा का स्वागत और सम्मान किया.
December 2, 202509:53 IST
बैतूल में बिगड़ा बारात का माहौल, गैस गन से होनेवाली दुर्घटना टली
बैतूल में बारात के दौरान एक रिश्तेदार ने दूल्हे के पास बैठकर गैस गन से हर्ष फायर किया. यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा, जिसने तुरंत बारात रुकवाकर गन जब्त कर ली. गैस गन, जिसे एयर गन भी कहा जाता है, कम घातक होती है परंतु इससे नुकसान हो सकता है. हर्ष फायर करना कानूनन अपराध है, चाहे वह गैस गन से ही क्यों न हो. इस मामले में बैतूल कोतवाली थाना पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही की.
December 2, 202509:20 IST
मध्यप्रदेश में 5–6 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट
5 दिसंबर से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे पहाड़ों में बर्फबारी होगी और एमपी में बर्फीली हवाओं का असर दिखेगा. आज से रात के पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 6 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा. इंदौर में सबसे कम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 9.4 डिग्री, ग्वालियर-उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.8 डिग्री रहा. पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया. राजगढ़ में 8.2 डिग्री, रीवा-नौगांव में 9.5 डिग्री, और शिवपुरी, बैतूल, खजुराहो, खंडवा, दतिया, छिंदवाड़ा में पारा 12 डिग्री से नीचे रहा.
December 2, 202509:18 IST
ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की भस्म आरती में प्रसिद्ध अभिनेता पुनीत इस्सर
उज्जैन में आज प्रातः कालीन ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की भस्म आरती में प्रसिद्ध अभिनेता पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, सिद्धार्थ इस्सर एवं अमित पचौरी ने दर्शन किए. मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी एवं इंजीनियर शिवाकांत पांडे ने समस्त अभिनेताओं का स्वागत एवं सम्मान किया.

December 2, 202508:32 IST
मुरैना: दादाजी के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया पोता नदी में डूबा
दादाजी के साथ शादी में शामिल होने आया 10 वर्षीय बालक रामप्रकाश नदी में डूब गया. बच्चे को पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद अन्य बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना चिन्नौनी थाना क्षेत्र के कोलूडांडे गांव के पास चंबल नहर में हुई. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. चंबल नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बालक अभी तक नहीं मिला है. बालक की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार जुटी हुई है.
December 2, 202507:54 IST
उज्जैन बाबा महाकाल का आज का श्रंगार

December 2, 202507:52 IST
Gwalior News: मामूली विवाद को लेकर पति-पत्नी ने बुजुर्ग के साथ की मारपीट
सिंधिया नगर पहाड़ी इलाके में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में पति-पत्नी ने एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की. महिला ने बुजुर्ग को चप्पलों से पीटा, और यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बुजुर्ग ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई. यह मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है.
.