उमरिया जिले के मानपुर क्षेत्र में सोमवार की रात सड़क किनारे एक पेड़ पर भालू देखा गया। गैस एजेंसी के पास हुई इस घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) और मानपुर पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
.
मानपुर क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर परिक्षेत्र से सटा हुआ है, जिससे यहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य है। भालू को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने लगी थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और वनकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया।
पेड़ पर बैठा भालू।
देर रात वापस लौटा
टीम की लगातार निगरानी और लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद, रेस्क्यू कर रात करीब 12:30 बजे भालू को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेज दिया गया। वन विभाग की टीम ने भालू को बिना किसी तनाव के जंगल में वापस भेजने के लिए शोर मचाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उसे रास्ता देने जैसे तरीके अपनाए।
इस अभियान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक बीएस उप्पल, मानपुर पुलिस अधिकारी और बफर परिक्षेत्र की पूरी टीम मौजूद रही।

बीटीआर और पुलिस टीम रही मौके पर मौजूद।
चार घंटे चला रेस्क्यू
बीटीआर के सहायक संचालक बीएस उप्पल ने बताया कि भालू को पेड़ से रेस्क्यू किया गया और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम तैनात है। लगभग चार घंटे लग गए। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीव दिखने पर उनके करीब न जाएं और तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय पर उचित सुरक्षा उपाय किए जा सकें।
.