महिला ने हिंदू जागरण मंच पदाधिकारी पर लगाए आरोप: बोली- रात में रास्ते में रोक अभद्रता की, घर तक किया पीछा – Sidhi News

सीधी में हिंदू जागरण मंच महाकौशल प्रांत के कार्यकारिणी सदस्य सुमित जायसवाल पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कोतवाली थाना और एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

.

उसका आरोप है कि 29 नवंबर की रात करीब 9 बजे जायसवाल ने मैरिज गार्डन के पास उसे रास्ते में रोककर मारपीट की, गाली-गलौज की और घर लौटते समय स्कूटी से उसका पीछा किया। महिला ने रात करीब 11 बजे कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पहले हिंदू जागरण मंच की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और संगठन में उन्हें पद भी मिला था। कुछ समय पहले उन्होंने पद से इस्तीफा देकर विश्व हिंदू परिषद जॉइन कर लिया था। महिला का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सुमित जायसवाल लगातार उनके प्रति अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे और कई बार अशोभनीय शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। उसका कहना है कि संगठन छोड़ने के बाद से ही जायसवाल उसे परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं।कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि महिला की शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज, पीछा करने और अभद्र भाषा के प्रयोग का उल्लेख है। यह आवेदन 29 नवंबर की रात को प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने सोमवार को सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष वर्मा से भी मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। एसपी ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दूसरी ओर, सुमित जायसवाल ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। जायसवाल ने दावा किया कि महिला पहले भी कई बार उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर चुकी है और इस बार भी वही कर रही है। उन्होंने मारपीट, गाली-गलौज, अभद्रता या पीछा करने की किसी भी घटना से इनकार किया है।

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *