How to Gain Weight Naturally: तमाम लोग अपने मोटापे से परेशान हैं, तो कुछ लोगों के लिए दुबलापन समस्या बन गया है. दुबले-पतले शरीर के कारण लोगों का सेल्फ कॉन्फिडेंस कम हो जाता है और वे वजन बढ़ाने के नए-नए तरीके ढूंढते रहते हैं. शरीर का बहुत ज्यादा पतला होना न सिर्फ पर्सनैलिटी को प्रभावित करता है, बल्कि इससे लोग मेंटली भी परेशान हो जाते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जब शरीर को पर्याप्त कैलोरी और पोषण नहीं मिलता है, तब मसल्स सिकुड़ने लगती हैं और एनर्जी कम हो जाती है. ऐसी कंडीशन में वजन बढ़ाना जरूरी होता है. कई लोग वजन बढ़ाने के लिए दवाओं का सहारा लेते हैं, लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. कुछ फूड्स का सेवन करने से कुछ ही दिनों में आप नेचुरली वेट गेन कर सकते हैं.
तेजी से वजन बढ़ाने के लिए क्या खाएं
दूध और मिल्कशेक : वजन बढ़ाने के लिए दूध और मिल्कशेक का सेवन करना फायदेमंद होता है. दूध प्रोटीन, कैल्शियम और हेल्दी फैट से भरपूर होता है. इसे केले, पीनट बटर, ओट्स, ड्राई फ्रूट, चॉकलेट या शहद के साथ मिलाकर शेक बनाकर पिया जाए तो यह एक हाई-कैलोरी ड्रिंक बन जाता है. सुबह और रात को एक-एक गिलास मिल्कशेक पीने से वजन रॉकेट की स्पीड से बढ़ सकता है. खासकर वर्कआउट के बाद दूध का सेवन मसल्स ग्रोथ को और तेजी से बढ़ा देता है.
पीनट बटर : अगर आप हेल्दी तरीके से वजन बढ़ाना चाहते हैं, तो पीनट बटर सबसे फायदेमंद विकल्पों में से एक है. सिर्फ 2 चम्मच पीनट बटर में लगभग 200 कैलोरी, प्रोटीन और हेल्दी फैट मिल जाता है. आप इसे ब्रेड, रोटी, ओट्स, शेक या दही में मिलाकर खा सकते हैं. यह आपकी कैलोरी इनटेक बढ़ाता है और शरीर में मांसपेशियों को बनाने में मदद करता है. लगातार सेवन से बहुत कम समय में फर्क दिखने लगता है. हालांकि इसका सेवन बहुत ज्यादा न करें.
आलू और शकरकंद : आलू, शकरकंद और अन्य स्टार्च से भरपूर फूड्स वजन बढ़ाने का सबसे आसान तरीका हैं. इनमें कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी बहुत अधिक होती है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देते हैं. उबले आलू पर मक्खन या घी लगाकर खाना, शकरकंद को उबालकर या भूनकर खाने से वजन तेजी से बढ़ सकता है. खास बात यह है कि ये फूड्स जेब पर भारी भी नहीं पड़ते हैं और हर किसी के लिए आसानी से उपलब्ध हैं.
ड्राई फ्रूट्स : काजू, किशमिश, बादाम, अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट में कैलोरी बहुत ज्यादा होती है और थोड़ी मात्रा में ही शरीर को भरपूर एनर्जी मिल जाती है. दिनभर में एक मुट्ठी ड्राई फ्रूट्स खाने से शरीर को हेल्दी फैट, विटामिन और मिनरल्स मिलते हैं, जिससे भूख भी बढ़ती है और वजन तेजी से बढ़ता है. इसके अलावा वजन बढ़ाने के लिए मखाने का सेवन लाभकारी होता है. मखाना को घी में हल्का भूनकर खाने से यह और भी पौष्टिक बन जाता है.
रेड मीट : रेड मीट को मांसपेशियों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें उच्च मात्रा में प्रोटीन, कैलोरी और ल्यूसीन पाया जाता है, जो मसल प्रोटीन सिंथेसिस को सक्रिय करने वाला प्रमुख अमीनो एसिड है. रेड मीट प्राकृतिक क्रिएटिन का भी स्रोत है, जो मसल्स की ताकत, साइज और प्रदर्शन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. एक रिसर्च के अनुसार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के साथ रेड मीट का सेवन मसल मास बढ़ाने और उम्र बढ़ने से होने वाली मसल लॉस को रोकने में अहम भूमिका निभाता है. हालांकि रेड मीट का सेवन बहुत ज्यादा न करें, वरना इससे कई गंभीर बीमारियों का रिस्क भी बढ़ सकता है.