रीवा जिले में शादी समारोहों के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर जमकर बवाल हुआ। मामूली विवाद इतना बढ़ा कि बारातियों के बीच मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और धमकाने तक की नौबत आ गई। दोनों मामलों में पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
.
पहला मामला- आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़
डिहिया गांव में चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम में बारातियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि आरोपियों ने बाहर खड़ी करीब आधा दर्जन कारों में जमकर तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर निवासी चंद्रप्रताप सिंह की कार भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। वारदात रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर गोविंदगढ़ पुलिस ने केस दर्ज किया है, हालांकि आरोपी अब भी फरार हैं।
दूसरा मामला- मारपीट कर गाड़ी की कांच तोड़ी
दूसरी घटना सियाराम मैरिज गार्डन के सामने हुई, जहां शादी में शामिल आशीष तिवारी और उनके साथियों पर पार्किंग को लेकर हमला कर दिया गया। रात करीब 12:30 बजे आरोपी आदित्य सिंह चंदेल और आदर्श सिंह चंदेल अपने साथियों के साथ पहुंचे और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जमकर मारपीट की, जिसमें पीड़ित घायल हुए। इसके बाद वाहनों पर पत्थर पटककर कांच तोड़ दिए और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
दोनों घटनाओं में संबंधित थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
.