प्रेरक कथा: संत की शिष्यों को सीख: नकारात्मक विचारों से बचें, सोच बदलकर जीवन में शांति, संतुलन और सफलता, तीनों प्राप्त कर सकते हैं

  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Dharm
  • Moral Story About Happiness And Success In Life, Peace Of Mind, Prerak Katha, Inspirational Story: Saint’s Teachings To His Disciples,

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

AI जनरेटेड इमेज

पुराने समय में एक संत अपने कुछ शिष्यों के साथ यात्रा कर रहे थे। संत अपने आसपास घटने वाली घटनाओं से शिष्यों को सफलता और शांति पाने के सूत्र बताते रहते थे। एक दिन वे एक ऐसे गांव में पहुंचे, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। जगह-जगह पत्थरों की ढेरियां लगी हुई थीं और कई मजदूर उन पत्थरों को तराशने में जुटे हुए थे।

संत ने अपने शिष्यों से कहा कि इन लोगों के काम करने के तरीके को ध्यान से देखो और मालूम करो यहां क्या हो रहा है। गुरु की बात मानकर शिष्य आगे बढ़े और पत्थर तराशते एक मजदूर से पूछा कि भय्या, यहां क्या बन रहा है?

मजदूर ने बिना चेहरा उठाए चिड़ते हुए कहा कि मुझे क्या पता। मुझे अपना काम करना है, आगे बढ़ो बाबा।

उसकी आवाज में बोझ और नाराजगी झलक रही थी। संत मुस्कुराए और शिष्य के साथ आगे बढ़ गए। अब वे दूसरे मजदूर के पास पहुंचे। वही प्रश्न पूछा कि यहां क्या बन रहा है?

दूसरे मजदूर ने थकान भरे स्वर में कहा कि गुरु जी, मुझे इससे क्या मतलब? मैं तो यहां सिर्फ मजदूरी करने आता हूं। दिनभर काम करता हूं और शाम को पैसे लेकर घर लौट जाता है।

इस मजदूर की बातों में उदासीनता और मजबूरी साफ दिख रही थी। संत अपने शिष्यों के साथ आगे बढ़ें। एक अन्य मजदूर सहज भाव से काम करता दिखाई दे रहा था। संत ने उससे पूछा कि यहां क्या बन रहा है?

मजदूर ने तुरंत छेनी-हथौड़ी रखी और संत को प्रणाम किया। उसने प्रसन्न स्वर में कहा कि गुरुजी, यहां मंदिर बन रहा है। हमारे गांव में कोई मंदिर नहीं है। अब लोगों को पूजा-पाठ के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

संत ने पूछा कि क्या तुम्हें इस काम में आनंद आता है?

मजदूर बोला कि बहुत आनंद आता है, गुरु जी! जब मैं पत्थर तराशता हूं, मुझे लगता है मैं भगवान के घर को आकार दे रहा हूं। छेनी-हथौड़ी की आवाज भी मुझे संगीत जैसी लगती है।

ये सुनकर संत अपने शिष्यों की ओर मुड़े और बोले कि यही सुखी जीवन का रहस्य है। जो लोग अपने काम को बोझ समझते हैं, वे दुख पाते हैं। जो काम को अवसर मानकर, प्रसन्न होकर काम करते हैं, वे हर परिस्थिति में सुखी रहते हैं। हमेशा ध्यान रखें- नजरिया बदलने से हमारा जीवन बदल जाता है।

किस्से की सीख

  • अपने काम को किसी उद्देश्य से जोड़ें

हर काम के पीछे एक बड़ा मकसद खोजें। चाहे नौकरी हो, पढ़ाई, घर का काम, व्यापार, सोचें कि ये आपके जीवन, परिवार या समाज को कैसे बेहतर बनाता है। काम से जुड़ा सही उद्देश्य मिलने पर थकान कम होती है और काम करते रहने की प्रेरणा मिलती रहती है।

  • मजबूरी वाली सोच से बाहर आएं

काम को मजबूरी समझकर करने से मन नकारात्मक होता है। अपने आपको याद दिलाएं कि ये मेरा चुनाव है, मैं इसे बेहतर तरीके से कर सकता हूं। जब हम मजबूरी वाली सोच से बाहर निकलकर काम करते हैं तो प्रसन्नता बनी रहती है।

  • आनंद के छोटे-छोटे पल खोजें

हर काम में कोई न कोई सुंदरता छिपी होती है। जैसे इस किस्से में तीसरा मजदूर छेनी-हथौड़ी की आवाज में संगीत महसूस कर रहा था। काम करते हुए कोई पसंदीदा संगीत सुन सकते हैं, काम को छोटे लक्ष्यों में बांटें या प्रक्रिया को रचनात्मक बनाएं, तभी काम करते समय आनंद मिल सकता है।

  • नकारात्मक विचारों से दूर रहें

लगातार काम करते रहने से थकान, तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन इन भावनाओं को स्थाई न बनाएं। समय-समय पर ब्रेक लें, गहरी सांसें लें और दोबारा काम फोकस करें। नकारात्मक विचारों से दूर रहेंगे तनाव से बचे रहेंगे।

  • अपने काम की कद्र करें

चाहे आप किसी भी स्तर पर काम कर रहे हों, अपने काम की कद्र करें, तभी दुनिया भी आपका सम्मान करेगी। जब हम अपने काम की कद्र करते हैं, तो काम करते समय मन में नकारात्मक विचार नहीं आते हैं।

  • सीखने का सोच बनाए रखें

हर काम कुछ नया सिखाता है। सीखने की सोच बनाए रखेंगे तो काम बोझ की तरह महसूस नहीं होगा। काम वही है, लेकिन सोच बदलकर आप जीवन में शांति, संतुलन और सफलता, तीनों प्राप्त कर सकते हैं। नजरिया बदलिए, जीवन अपनेआप सुंदर हो जाएगा।

खबरें और भी हैं…

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *