जरूरत की खबर- सर्दियों में बढ़ती डैंड्रफ की समस्या: ठंड में न करें ये 10 गलतियां, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें विंटर केयर के 12 टिप्स

15 मिनट पहलेलेखक: अदिति ओझा

  • कॉपी लिंक

सर्दियों में जैसे ही तापमान गिरता है, हम गर्म स्वेटर और आरामदायक कंबल की तरफ भागते हैं। लेकिन हमारे स्कैल्प का क्या? जैसे त्वचा को ठंड में खास देखभाल की जरूरत होती है, वैसे ही स्कैल्प को भी ज्यादा केयर चाहिए ताकि वह स्वस्थ बना रहे।

चमकदार बालों की शुरुआत एक हेल्दी स्कैल्प से होती है। सर्दियों की सूखी और सर्द हवा स्कैल्प में ड्राईनेस, खुजली और फ्लेक्स पैदा करती है, जिन्हें कई बार लोग डैंड्रफ समझ लेते हैं।

जर्नल ऑफ इन्वेस्टिगेटिव डर्मेटोलॉजी सिम्पोजियम प्रोसीडिंग्स (JIDSP) के अनुसार, अमेरिका में आधे से ज्यादा लोग स्कैल्प इचिंग का अनुभव करते हैं और करीब 40% लोगों को स्कैल्प ड्रायनेस होती है। अच्छी बात यह है कि पिछले कुछ सालों में स्कैल्प केयर को लेकर जागरूकता बढ़ी है, जिससे अब ड्राई स्कैल्प का इलाज करना पहले से आसान हो गया है।

इसलिए आज जरूरत की खबर में जानेंगे कि-

  • सर्दियों में डैंड्रफ की समस्या क्यों बढ़ जाती है?
  • किन गलतियों से बचना चाहिए?
  • स्कैल्प को कैसे हेल्दी रखा जा सकता है?

एक्सपर्ट: डॉ. संदीप अरोड़ा, सीनियर कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, दिल्ली

सवाल- सर्दियों में स्कैल्प सूखा और फ्लेकी क्यों हो जाता है?

जवाब- सर्दियों में हवा बेहद सूखी होती है, जिससे त्वचा और स्कैल्प दोनों की नमी कम हो जाती है। स्कैल्प सूखने पर उस पर फ्लेक्स बनने लगते हैं, जो कुछ माइक्रो-ऑर्गेनिज्म को बढ़ने में मदद करते हैं। इसके कारण डैंड्रफ बढ़ सकता है। ठंडी, सूखी हवा और सिर पर मौजूद मालासेजिया फंगस (शुष्क और रूखी हवा से पनपा फंगस) मिलकर डैंड्रफ की समस्या को और खराब कर देते हैं।

सवाल- डैंड्रफ और ड्राई स्कैल्प में क्या अंतर है?

जवाब- डैंड्रफ, ड्राई स्कैल्प का कारण हो सकता है, लेकिन दोनों एक ही चीज नहीं है। डैंड्रफ की वजह सुनबोरिक डर्मेटाइटिस होता है, जो त्वचा पर मौजूद मालासेजिया यीस्ट से जुड़ा है। वहीं ड्राई और फ्लेकी स्कैल्प कई वजहों से हो सकता है, जैसे प्रोडक्ट से एलर्जी, कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस या सेंसिटिव हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल। इसलिए ड्राई स्कैल्प को डैंड्रफ समझकर दवाइयां या शैंपू इस्तेमाल करना कभी-कभी समस्या बढ़ा सकता है। यदि कारण स्पष्ट न हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से मिलना सबसे अच्छा है।

सवाल- वो कौन सी गलतियां हैं, जिनसे ड्रैंडफ की समस्या बढ़ती है?

जवाब- सर्दियों में स्कैल्प जल्दी सूखता है और ऐसे में छोटी–छोटी गलतियां भी डैंड्रफ को तेजी से बढ़ा देती हैं। आइए ग्राफिक्स से समझते हैं-

इन पॉइंटर्स को विस्तार से समझते हैं-

हेयर ट्रीटमेंट

हेयर कलरिंग, ब्लीचिंग, पर्मिंग, स्ट्रेटनिंग और हीट स्टाइलिंग से बचना चाहिए, क्योंकि ठंड के मौसम में ये प्रोसेस स्कैल्प को और ज्यादा सूखा कर देते हैं। इससे रूसी तेजी से बढ़ सकती है।

सूखे स्कैल्प को नजरअंदाज करना

सूखे स्कैल्प को नजरअंदाज करना भी बड़ी गलती है। ड्राई स्कैल्प में खुजली, बाल झड़ना और कभी-कभी एक्जिमा या सोरायसिस जैसी समस्याएं उभर सकती हैं, जिससे डैंड्रफ और खराब होता है।

बाल न धोना

बाल धोने में बहुत देर करना भी रूसी बढ़ाता है। ठंड के डर से बहुत लोग बाल धोना टाल देते हैं, लेकिन इससे स्कैल्प पर गंदगी और डेड स्किन जमा होती रहती है। इसलिए हफ्ते में कम–से–कम दो बार बाल धोना जरूरी है ताकि स्कैल्प साफ रहे।

गीले बालों के साथ बाहर निकलना

ठंड में गीले बालों के साथ बाहर निकलना भी ठीक नहीं है। दरअसल, गीले बालों के साथ बाहर निकलने से ठंडी हवा स्कैल्प का तापमान तेजी से गिरा देती है, जिससे स्कैल्प और ज्यादा सूखा हो जाता है। सूखे स्कैल्प पर फ्लेकी स्किन जल्दी बनती है और यही डैंड्रफ को बढ़ाती है। इसके अलावा गीलापन लंबे समय तक रहने से फंगल ग्रोथ भी बढ़ सकती है, जो रूसी का एक बड़ा कारण है

खुशबू वाले शैम्पू का इस्तेमाल

बहुत ज्यादा खुशबू वाले शैम्पू में अक्सर स्ट्रॉन्ग फ्रेगरेंस केमिकल्स और आर्टिफिशियल परफ्यूम होते हैं, जो स्कैल्प को इरिटेट कर सकते हैं। संवेदनशील स्कैल्प पर ये केमिकल्स सूखापन बढ़ाते हैं, जिससे फ्लेकी स्किन बनती है और डैंड्रफ बढ़ जाता है।

सवाल- सर्दियों में स्कैल्प को कैसे हेल्दी रखें?

जवाब- छोटी छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने स्कैल्प को हेल्दी रख सकते हैं। आइए ग्राफिक्स से समझते हैं-

सर्दियों में स्कैल्प की नमी जल्दी खत्म हो जाती है, इसलिए बालों की देखभाल थोड़ी सॉफ्ट और प्रोटेक्टिव होनी चाहिए। इसके लिए

  • हल्के, सल्फेट-फ्री और फॉर्मल्डिहाइड-फ्री शैंपू का उपयोग करें, जो ज्यादा झाग न बनाते हों।
  • नारियल बेस्ड तेल स्कैल्प की सुरक्षा करता है और लिपिड स्ट्रक्चर मजबूत करता है। लेकिन ओवरनाइट ऑयलिंग से बचें, खासकर यदि सेबोरिक डर्मेटाइटिस हो।
  • हीटर और गर्म पानी का ज्यादा उपयोग न करें।
  • नियमित रूप से स्कैल्प को एक्सफोलिएट करें और मॉइस्चराइज रखें।
  • हीट स्टाइलिंग कम करें। हल्की परत में नारियल तेल लगाने से हीट से सुरक्षा मिलती है।
  • हेयर कलरिंग और केमिकल ट्रीटमेंट्स से बचें।
  • हफ्ते में एक बार डीप कंडीशनिंग करें और ठंडी हवा में स्कार्फ का उपयोग करें।

सवाल- क्या स्कैल्प में खुजली सिर्फ डैंड्रफ के वजह से होती है?

जवाब- नहीं, स्कैल्प में खुजली सिर्फ डैंड्रफ से नहीं होती। फंगल इन्फेक्शन जैसे टीनिया कैपिटिस, पसीना, गंदगी या जूं होने पर फैलता है और तेज खुजली देता है।

सवाल- स्कैल्प में खुजली या डैंड्रफ होने पर घर पर कौन-से आसान और असरदार उपाय किए जा सकते हैं?

जवाब- सर्दियों में स्कैल्प सूखने, खुजली और डैंड्रफ की समस्या तेजी से बढ़ती है, ऐसे में कुछ प्राकृतिक उपाय जल्दी राहत दे सकते हैं।

नीचे पॉइंटर्स में देखें–

1. एप्पल साइडर विनेगर (Apple Cider Vinegar)

ACV में एंटीऑक्सिडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं। नेशनल सोरायसिस फाउंडेशन के अनुसार, पानी और ACV को 1:1 रेशियो में मिलाकर हफ्ते में कुछ बार यूज किया जा सकता है। लगाने के बाद स्कैल्प को धोना चाहिए। इससे डैंड्रफ से राहत मिलती है।

2. ऑर्गेनिक नारियल तेल

नारियल तेल में एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो आपके इची स्कैल्प को आराम देने में मदद कर सकते हैं।

3. पिपरमिंट ऑयल

कई स्टडी में पाया गया है कि पिपरमिंट ऑयल सिर्फ दो हफ्तों में खुजली को काफी कम कर सकता है। इसे पानी या जैतून तेल के साथ मिलाकर स्कैल्प पर मसाज करें और फिर शैंपू करें।

4. मेडिटेशन

तनाव कम करने वाली गतिविधियां जैसे मेडिटेशन, स्कैल्प की खुजली में मददगार हो सकती हैं।

5. टी ट्री ऑयल

टी ट्री ऑयल एंटीमाइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी होता है। इसे सीधे नहीं लगाना चाहिए। 10–20 बूंदें हल्के शैंपू या जैतून तेल में मिलाकर उपयोग करें। इससे खुजली में राहत मिलती है।

सवाल- कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

जवाब- कुछ शैंपू या एसेंशियल ऑयल संवेदनशील त्वचा पर जलन, खुजली, रैश या जलने जैसा एहसास करवा सकते हैं। यदि लक्षण एक हफ्ते से ज्यादा रहें, दर्द, घाव या सूजन हो, खुजली इतनी ज्यादा हो कि नींद या काम प्रभावित हो तो डॉक्टर से सलाह लें।

सवाल- हेल्दी हेयर के लिए क्या खाएं?

जवाब- एंटीऑक्सिडेंट, प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, विटामिन, कैल्शियम और आयरन रिच डाइट लें। ये सभी मिलकर स्कैल्प का सूखापन और सूजन कम करते हैं। अच्छी डाइट स्ट्रेस को भी कम करती है, जिससे स्कैल्प हेल्दी रहता है।

अच्छी डाइट स्कैल्प की सूखापन, सूजन और स्ट्रेस कम करने में मदद करती है।

डैड्रफ से जुड़े कुछ कॉमन सवाल और जवाब

सवाल- क्या ऊनी टोपी पहनने से डैंड्रफ बढ़ता है?

जवाब- कभी-कभी, क्योंकि पसीना और तेल स्कैल्प पर जमा होकर मालासेजिया को बढ़ावा देते हैं।

सवाल- क्या गर्म पानी से नहाना डैंड्रफ बढ़ाता है?

जवाब- हां, बहुत गरम पानी स्कैल्प का प्राकृतिक तेल छीन लेता है, जिससे डैंड्रफ होने का खतरा रहता है।

सवाल- क्या ह्यूमिडिफायर सर्दियों में स्कैल्प के लिए अच्छा है?

जवाब- हां, यह हवा में नमी बढ़ाता है और स्कैल्प की ड्राईनेस कम करता है।

………………..

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- समय से पहले सफेद हो रहे बाल:हो सकती है जरूरी विटामिन्स, मिनरल्स की कमी, जानें हेल्दी बालों के लिए क्या खाएं

समय से पहले बाल सफेद होने में जेनेटिक्स की भूमिका है, लेकिन कुछ विटामिन और मिनरल्स की कमी से ये प्रक्रिया तेज हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *