Last Updated:
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है, जिसके बाद कोर्ट ने उनकी आखिरी उम्मीद खत्म कर दी है. अब उन्हें 27 साल की जेल की सजा शुरू करने का आदेश दिया गया है.
ब्रासीलिया: ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की आखिरी उम्मीद बुझ चुकी है. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वो फैसला सुना दिया है, जिसके बादबोल्सोनारो की बची हुई उम्र काल कोठरी में बीतने वाली है. जेल से भागने की कोशिश के चक्कर में बोल्सोनारो ने कोर्ट को नाराज कर दिया और उन्हें 27 साल की सजा सुना दी गई. कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अब पूर्व राष्ट्रपति की कोई अपील नहीं सुनी जाएगी. आगे जानें उन्होंने जेल से भागने की कोशिश कैसे की और किस तरह आखिरी उम्मीद खत्म कर ली?
क्या था अपराध?
70 वर्षीय जायर बोल्सोनारो को सितंबर में 2022 के चुनावों के बाद वामपंथी लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के तख्तापलट की साजिश के लिए दोषी ठहराया गया था, जिसमें एक हत्या की साजिश भी शामिल थी. सुप्रीम कोर्ट ने इस महीने की शुरुआत में उनकी सजा के खिलाफ दायर अपील को खारिज कर दिया था, और अब फैसला अंतिम माना गया है.
पूर्व सेना कप्तान, जिन्होंने 2019 में राष्ट्रपति बनने के लिए ब्राजील के रूढ़िवादियों को एकजुट किया था और देश की राजनीति को बदल दिया था, को अब यह लंबी जेल की सजा काटनी होगी.
एंकल मॉनिटर तोड़कर जेल से भागने की कोशिश
बोल्सोनारो शनिवार तक नजरबंद यानी हाउस अरेस्ट थे, लेकिन उन्हें राजधानी ब्रासीलिया में पुलिस ने तब हिरासत में लिया गया, जब वो सोल्डरिंग आयरन से एंकल मॉनिटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे. जिसके बाद उन्हें ट्रैक नहीं किया जा सकता था और वो भागने में सफल हो जाते.
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने कहा कि बोल्सोनारो के बेटे द्वारा उनके घर के बाहर आयोजित एक ईवेंट के दौरान ‘भागने के संभावित प्रयास के बहुत गंभीर संकेत’ मिले हैं. उन्होंने अमेरिकी दूतावास की ओर इशारा करते अंदेशा जताया कि बोल्सोनारो राजनीतिक शरण लेने के लिए भागने की कोशिश कर रहे थे.
बोल्सोनारो का बचाव: ‘दवाओं का असर’
एएफपी द्वारा प्राप्त एक सुप्रीम कोर्ट दस्तावेज के अनुसार, रविवार को ब्रासीलिया में एक सुनवाई के दौरान, बोल्सोनारो ने एंकल मॉनीटर तोड़ने के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि दवाओं की वजह से उन्हें पागलपन का एपिसोड आया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका भागने का कोई इरादा नहीं था और ब्रेसलेट की पट्टी में कोई टूट-फूट नहीं हुई थी.
.