स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक पर बैठा 1.5 साल का बच्चा गाड़ी की छत पर जा फंसा, ड्राइवर ने 10KM तक नहीं रोकी कार

कमर्जी और मऊगंज थाना सीमा क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद बाइक पर मां की गोद में बैठा 1.5 साल का बच्चा गाड़ी की छत पर जाकर फंस गया। इसके बाद भी ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। ड्राइवर गाड़ी लेकर 10 किमी दूर तक चला गया।

Publish Date: Wed, 26 Nov 2025 01:53:21 PM (IST)

Updated Date: Wed, 26 Nov 2025 02:03:47 PM (IST)

स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी
  2. डेढ़ साल का बच्चा स्कॉर्पियो की छत पर जा गिरा
  3. लोगों ने वाहन का 10 किलोमीटर तक पीछा किया

नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी: जिले के कमर्जी और मऊगंज थाना सीमा क्षेत्र में सोमवार रात एक विचलित कर देने वाली खबर सामने आयी है। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक पर सवार एक डेढ़ साल का बच्चा स्कॉर्पियो की छत पर जा गिरा और फंस गया। इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और 10 किलोमीटर तक वैसे ही चलाता रहा।

जानकारी के अनुसार, बहेरा डाबर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार उमेश साकेत और बच्चे की मां मुन्नी साकेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार डेढ़ साल का बच्चा सूरज साकेत हवा में उछलकर सीधे स्कॉर्पियो की छत पर जा अटका।

हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद वाहन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय और तेजी से भागना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने वाहन का लगभग 10 किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन स्कॉर्पियो चालक रुका नहीं। बच्चा रास्ते में कही गिर गया। जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने अस्पताल में भर्ती करवाया।

घटना की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी सुजीत कुमार कड़वे ने तुरंत पुलिस टीम को सतर्क किया। उन्होंने सीधी पुलिस अधीक्षक सहित रीवा और मऊगंज कंट्रोल रूम से संपर्क कर वाहन की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। इसके बाद अमिलिया, चुरहट और कमर्जी थाना क्षेत्र की टीम ने बच्चे की जानकारी निकाली।

यह भी पढ़ें- भिंड में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, छोटी बहन के साथ दौड़ लगा रही थी

हादसे में बच्चे का पैर फैक्चर

बता दें कि एक व्यक्ति ने बच्चे सूरज साकेत को हनुमना अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से चला गया। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे को सिर और शरीर में चोटें आई हैं, साथ ही उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। मंगलवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल मुन्नी साकेत और उमेश साकेत का इलाज जिला अस्पताल सीधी में किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की स्थिति अब स्थिर है।

यह भी पढ़ें- Raipur News: सातवीं मंजिल से अचानक नीचे गिरी लिफ्ट, बाल–बाल बचीं दो महिलाएं; Video Viral

मानवता को शर्मसार करने वाली हरकत

डीएसपी सुजीत कुमार कड़वे ने बताया कि यह घटना गंभीर लापरवाही और मानवता को शर्मसार करने वाली है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक का बच्चे के छत पर होने के बावजूद न रुकना अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और स्कॉर्पियो वाहन और चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *