कर्नाटक में यह कंपनी करेगी 700 करोड़ रुपए का निवेश, उत्पादन क्षमता बढ़ाने का है प्लान

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

Uflex Business Expansion: फ्लेक्सिबल पैकेजिंग और समाधान बनाने वाली कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड कर्नाटक के धारवाड़ स्थित अपने संयंत्र में पैकेजिंग फिल्म उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रही है. कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.

इस निवेश से संयंत्र में 54,000 टन सालाना की नई क्षमता जुड़ेगी, जिसके बाद कंपनी की वैश्विक पैकेजिंग फिल्म क्षमता 6,36,160 टन से बढ़कर 6,90,160 टन प्रति वर्ष हो जाएगी.

 सीएफओ राजेश भाटिया का बयान 

यूफ्लेक्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष और सीएफओ राजेश भाटिया ने पीटीआई भाषा को बताया कि, ”हम कर्नाटक के धारवाड़ में अपनी पैकेजिंग फिल्म उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रहे हैं. इस परियोजना से 54,000 टन प्रति वर्ष की नई क्षमता आएगी. राजेश भाटिया ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि, इससे हमारा पोर्टफोलियो काफी मजबूत होगा.”

धारवाड़ में यह विस्तार गुजरात के साणंद में हाल में पूरी हुई एसेप्टिक पैकेजिंग क्षमता वृद्धि के बाद हो रहा है. साणंद में क्षमता सात अरब पैक प्रति वर्ष से बढ़ाकर 12 अरब पैक प्रति वर्ष की गई थी. भाटिया ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि , ”इसके अलावा तीन बड़ी रणनीतिक परियोजनाएं भी अच्छी गति से चल रही हैं. 

वैश्विक संयंत्रों की दी जानकारी

इनमें मिस्र में 12 अरब पैक क्षमता वाला एसेप्टिक संयंत्र, मेक्सिको में आठ करोड़ डब्ल्यूपीपी बैग का संयंत्र और नोएडा में लगभग 40,000 टन प्रति वर्ष का पुनर्चक्रण संयंत्र शामिल है. ये सभी परियोजनाएं हमारी वैश्विक पैकेजिंग क्षमता में बड़ा इजाफा करेंगी.”

क्या करती है कंपनी? 

यूफ्लेक्स कंपनी की शुरुआत 1985 में हुई थी. पिछले तीन दशकों से कंपनी भारत समेत विदेशों में पैकेजिंग का व्यापार कर रही है. कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी के पास 10 हजार से अधिक कर्मचारी हैं. 

यह भी पढ़ें: दुनिया भर के बाजार होंगे क्रैश! रॉबर्ट कियोसाकी ने शेयर मार्केट पर की भविष्यवाणी, जानें उनके निवेश टिप्स

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *