Winter Laundry Drying Tips : सर्दियों का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतना ही चुनौती भरा होता है कपड़ों को सुखाने के मामले में. ठंड के दिनों में धूप कम निकलती है, हवा में नमी होती है और दिन छोटे हो जाते हैं. ऐसे में कपड़े धोने के बाद अक्सर आधे गीले रह जाते हैं और बदबू या फंगस की समस्या शुरू हो जाती है. कई घरों में तो कपड़े 2-3 दिन तक भी ठीक से नहीं सूख पाते. गीले कपड़े न सिर्फ बदूबूदार हो जाते हैं बल्कि सेहत के लिए भी खतरा बन जाते हैं. इसलिए सर्दियों में कपड़ों को सही और स्मार्ट तरीके से सुखाना बहुत जरूरी है.
गीले कपड़ों से बढ़ता है इंफेक्शन का खतरा
जब कपड़े पूरी तरह नहीं सूखते, तो उनमें बैक्टीरिया और फंगस तेजी से फैलते हैं. यह नमी वाले वातावरण में जल्दी पनपते हैं और कपड़ों में बदबू, दाग और रंग फीका होने की समस्या पैदा करते हैं. ऐसे गीले कपड़े पहनने से त्वचा पर रैशेज, खुजली और एलर्जी हो सकती है. बच्चों और बुजुर्गों की त्वचा ज्यादा संवेदनशील होती है, इसलिए इनके लिए गीले कपड़े पहनना ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है. कई बार नम कपड़ों से शरीर का तापमान भी गिरता है, जिससे सर्दी-जुकाम और हाइपोथर्मिया तक का खतरा बढ़ जाता है.
सर्दियों में जल्दी कपड़े सुखाने के 10 स्मार्ट तरीके-
1. इनडोर ड्राईंग रैक का इस्तेमाल करें
धूप न होने पर फोल्डेबल ड्राईंग स्टैंड घर के अंदर लगाएं और कपड़ों के बीच पर्याप्त दूरी रखें ताकि हवा आसानी से इधर-उधर हो सके.
2. कपड़ों को स्पिन-ड्राई मोड में चलाएं
वॉशिंग मशीन का स्पिन मोड कुछ देर के लिए चला दें. यह नमी को काफी हद तक निकाल देता है, जिससे कपड़े कम समय में ही सूख जाते हैं.
3. कमरे में फैन चलाएं
अगर धूप नहीं है, तो कमरे में पंखा चलाकर रातभर रखें और कपड़े को वहां फैला दें. इस तरह कपड़े रातभर में तेजी से सुखाए जा सकते हैं. इससे हवा सर्कुलेट होती रहती है.
4. हीटर के पास सुखाएं
हीटर के बहुत पास कपड़े रखकर भी आप कपड़ों को जल्द सुखा सकते हैं लेकिन ऐसा करने से फाइबर खराब हो सकते हैं, इसलिए थोड़ी दूरी बनाकर सुखाएं ताकि गर्म हवा काम करे लेकिन कपड़े जलें नहीं.
5. माइक्रोफाइबर टॉवल का इस्तेमाल
कपड़ों को माइक्रोफाइबर टॉवल में थोड़ी देर लपेटकर रखें और हल्का दबाकर कुछ देर छोड़ दें. इस तरह इससे नमी काफी कम हो जाती है.
6. डीह्यूमिडिफायर का उपयोग
कमरे की नमी कम करने के लिए डीह्यूमिडिफायर चलाएं. इससे कपड़े में नमी तेजी से निकलेगी और सूखने में 40 से 50% तक कम हो जाता है.
7. पतले कपड़े पहले और मोटे कपड़े बाद में सुखाएं
हो सके तो पतले कपड़े को पहले धो लें क्योंकि ये जल्दी सूखते हैं और हवा का सर्कुलेशन बढ़ाते हैं. जिससे मोटे कपड़े भी तेजी से सूख जाते हैं.
8. कपड़ों को उल्टा करके सुखाएं
कपड़ों के अंदरूनी हिस्से में अधिक नमी फंसी होती है. उल्टा सुखाने पर यह जल्दी निकल जाती है.
9. सुखाने की जगह पर सफाई रखें
जहां कपड़े सुखाते हैं वहां फफूंद न हो इसका ख्याल रखें. बेहत रहोगा कि आप धूप या खुली जगह में इन्हें रखें. बाथरूम आदि जगहों पर न सुखाएं. इससे कपड़े में बदबू नहीं पकड़ेगी.
10. विनेगर या बेकिंग सोडा से दुबारा वॉश करें
अगर कपड़ों में हल्की बदबू हो गई हो, तो विनेगर या बेकिंग सोडा वाले सॉल्यूशन से धोने पर दुर्गंध पूरी तरह निकल जाती है.
सर्दियों में कपड़े सुखाना मुश्किल जरूर है, लेकिन सही तरीकों से यह काम आसान हो सकता है. पूरी तरह सूखे कपड़े न सिर्फ स्वस्थ रहने के लिए जरूरी हैं, बल्कि बदबू, फंगस और इंफेक्शन से भी बचाते हैं. इन स्मार्ट ट्रिक्स को अपनाकर आप ठंड के मौसम में भी फ्रेश, साफ कपड़े पहन सकेंगे.
.