बिना रन बनाए सुपर ओवर कैसे जीत गया बांग्लादेश? भारत को इस नियम से हराया; जानें पूरा माजरा


एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के पहले सेमीफाइनल में इंडिया ए को हराकर बांग्लादेश ए ने फाइनल में जगह बना ली है. जितेश शर्मा की कप्तानी वाली इस टीम की गेंदबाजी बहुत खराब रही, जिस कारण बांग्लादेश 194 के बड़े स्कोर तक पहुंच पाया. हालांकि वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य की तेज तर्रार शुरुआत ने मैच बना दिया था, अंत तक टीम इंडिया जीत के करीब थी लेकिन फिर पिछड़ गई. बावजूद इसके टीम स्कोर बराबर करने में सफल रही, जिसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा.

सुपर ओवर में जीता बांग्लादेश

नियम के मुताबिक जो टीम पहले बल्लेबाजी करती है, सुपर ओवर में उसे दूसरी बल्लेबाजी करनी होती है. इस कारण भारत को पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी, लेकिन सुपर ओवर में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन शर्मनाक रहा. जितेश शर्मा और आशुतोष शर्मा शुरूआती 2 गेंदों में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए, इस तरह बांग्लादेश को सिर्फ जीत के लिए 1 रन बनाना था. हालांकि बांग्लादेश का भी कोई बल्लेबाज सुपर ओवर में खाता नहीं खोल पाया.

तो कैसे जीता बांग्लादेश

भारत के लिए सुपर ओवर सुयश शर्मा ने डाला, उन्होंने पहली गेंद पर यासिर अली का विकेट लेकर शानदार शुरुआत दिलाई. इसके बाद कप्तान अकबर अली मैदान पर आए, लेकिन सुयश ने अगली गेंद वाइड फेंक दी. इस तरह बांग्लादेश के किसी प्लेयर का खाता भी नहीं खुला और बांग्लादेश जीत भी गई.

क्या थी टीम इंडिया की सबसे बड़ी गलती?

बांग्लादेश के हाथों सेमीफाइनल हार में टीम इंडिया की सबसे बड़ी गलती देखें तो वो 2 ओवर हैं, जो वैशाख विजय कुमार और नमन धीर ने डाले. नमन ने 19वां ओवर डाला था, जिसमें उन्होंने 28 रन लुटाए. अंतिम ओवर वैशाख ने डाला, जिसमें 22 रन गए. इस कारण जो बांग्लादेश 18 ओवरों के बाद 144 के स्कोर पर था, वो 194 के टोटल तक पहुंच पाया.

लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 4 छक्के ओर 2 चौके जड़े. वह अपना काम करके गए, इसके बाद प्रियांश आर्या ने भी अच्छी बल्लेबाजी की. उन्होंने 3 छक्के ओर 4 चौकों की मदद से 23 गेंदों में 44 रन बनाए. जितेश शर्मा ने 23 गेंदों में 33 और नेहाल वढेरा ने 29 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, हालांकि वह टीम को जीत नहीं दिला पाए. अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए 4 रन चाहिए थे, तब भी बांग्लादेश के विकेट कीपर की गलती की वजह से भारत को 3 रन मिल गए थे और मैच टाई हो गया था.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *