सर्दियों में नाक क्यों बहने लगती है? जुकाम कब बन जाता सेहत के लिए खतरनाक, जानिए इससे कैसे करें बचाव

Why Runny Nose In Cold: देशभर में सर्दी का सितम पूरी तरह शुरू हो चुका है. इस मौसम में सेहत का ख्याल रख पाना बड़ी चुनौती है. क्योंकि, ठंड अपने साथ परेशानियों को लेकर आती है. हेल्थ एक्सपर्ट भी इस मौसम को सेहत के लिहाज से ठीक नहीं मानते हैं. दरअसल, इस दौरान चलने वाली ठंड़ी हवाएं शरीर के अंदर तक वार करती हैं. इसलिए सर्दियों में खांसी-जुकाम और बुखार जैसी समस्याएं लोगों में देखी जाती हैं. अक्सर देखने में आता है कि, जुकाम होने पर लोगों की नाक बहने लगती है. लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर जुकाम होने पर नाक क्यों बहने लगती है? किन परेशानियों में बहने लगती है नाक? जुकाम कब बन जाता है खतरनाक? इस परेशानी से कैसे करें बचाव? आइए जानते हैं इस बारे में-

जुकाम में क्यों बहती है नाक?

क्लीवलैंड क्लीनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्दियों में ज्यादातर लोगों की नाक बहने लगती है. इसका मुख्य कारण यह है कि शरीर में संक्रमण से लड़ने के लिए अधिक बलगम (mucus) का उत्पादन होता है, जो नाक के रास्ते से बाहर निकल जाता है. इसके अलावा, संक्रमण, एलर्जी, साइनस में सूजन और ठंडी हवाएं भी इसका कारण बन सकती हैं. वैसे तो यह परेशानी 2-3 दिन में खुद से ठीक हो जाती है, लेकिन परेशानी बढ़े तो डॉक्टर की सलाह जरूरी है.

सर्दियों में नाक बहने के मुख्य कारण

संक्रमण: जुकाम में नाक बहने का मतलब संक्रमण भी हो सकता है. बता दें कि, जुकाम या फ्लू जैसे वायरल संक्रमण से नाक की अंदरूनी परत में सूजन आ जाती है, जिससे बलगम का उत्पादन बढ़ जाता है. फिर यह नाक के रास्ते से बाहर निकल जाता है.

एलर्जी: एलर्जी की समस्या होने पर भी नाक बहने की शिकायत हो सकती है. बता दें कि, शरीर एलर्जी के प्रति प्रतिक्रिया के रूप में अधिक बलगम का उत्पादन करता है, जिससे नाक बहने लगती है.

साइनस में सूजन: साइनस में सूजन की वजह से भी लोगों में नाक बहने की समस्या देखी गई है. दरअसल, साइनसाइटिस (sinusitis) के कारण नाक के मार्ग में सूजन आ जाती है, जिससे बलगम का उत्पादन बढ़ जाता है.

ठंडी हवाएं: सर्दियों में ठंडी हवाएं चलने लगती हैं. ये हवाएं सांस लेते वक्त नाक की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचाती हैं, जिससे बलगम का उत्पादन बढ़ जाता है और नाक बहने लगती है.

जुकाम कब बन जाता है खतरनाक?

रिपोर्ट के मुताबिक, जुकाम तब खतरनाक हो सकता है जब इसके लक्षण गंभीर हो जाएं. जैसे- तेज़ बुखार, सांस लेने में कठिनाई, लगातार खांसी या छाती में दर्द हो शुरू हो जाए. अगर आपकी इम्युनिटी कमजोर है और धूम्रपान करते हों, ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी है. अगर यह परेशानी बच्चों को हो तो बिना किसी देरी के डॉक्टर से मिलें.

परेशानी से बचने के घरेलू उपाय

– गुनगुना पानी, गर्म चाय और सूप जैसे तरल पदार्थ पीने से बलगम पतला होता है और आसानी से बाहर निकल जाता है.
– गर्म पानी से भाप लेने या ह्यूमिडिफायर का उपयोग करने से नाक के मार्ग नम रहते हैं और जकड़न कम होती है.
– अपनी नाक और माथे पर गर्म सेंक लगाने से जकड़न और दबाव कम हो सकता है.
– सलाइन नेज़ल स्प्रे का यूज कर सकते हैं. इससे नाक के मार्ग से बलगम साफ करने में मदद मिल सकती है.
– पर्याप्त आराम करें. इससे इम्युनिटी मजबूत होगी और संक्रमण से जल्दी ठीक हो सकते हैं.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *