इंदौर का लखपति चायवाला, यहां मिलते 100 से ज्यादा फ्लेवर, बॉलीवुड स्टार अजय देवगन भी फैन

चाय बेचने वाले को अक्सर लोग आम और साधारण मान लेते हैं, लेकिन जब जुनून और हुनर मिल जाए तो वही साधारण काम असाधारण बन जाता है. मध्य प्रदेश के लक्ष्मण ओझा इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं. इंदौर की गलियों से शुरू हुआ उनका सफर आज पूरे देश में चर्चित है. उनकी चाय सिर्फ चाय नहीं, बल्कि लोगों के लिए एक अनुभव है. यही कारण है कि बड़े उद्योगपति, नेता, मंत्री और बॉलीवुड सितारे तक उनके हाथ की चाय पीने के लिए उत्सुक रहते हैं.

लोग प्यार से उन्हें “लच्छू ओझा” कहते हैं, पर आज यह नाम पूरे देश में एक ब्रांड बन चुका है दी (टी) चाय विला. जिनकी चाय की खुशबू आज मुंबई, दिल्ली, भोपाल, इंदौर और देश के कई बड़े शहरों तक फैल चुकी है.

कैसे शुरू हुआ सफर?
लक्ष्मण ओझा बताते हैं कि उनका संघर्ष लगभग 18 साल पहले शुरू हुआ था. शुरुआत में लोग उन्हें देखकर यही समझते थे कि यह लड़का शायद ज़िंदगी में कुछ खास नहीं कर पाएगा. लेकिन उनके भीतर एक आग थी कुछ अलग करने की, कुछ बड़ा करने की. उन्होंने चाय बनाना सीखा, और धीरे-धीरे इस कला में माहिर होते गए.

उनकी पैतृक जड़ें राजस्थान से जुड़ी हैं, लेकिन जन्म और परवरिश खंडवा की गलियों में हुई. चाय के इस सफर में उनका साथ उनके छोटे भाई विकी और बहन प्रिया ने हमेशा दिया. दोनों ने हर कदम पर उन्हें सपोर्ट किया, और इसी पारिवारिक साथ ने उन्हें मंज़िल तक पहुंचने की ताकत दी.

आज 120 से ज्यादा तरह की चाय बनाते हैं
लक्ष्मण ओझा की खासियत सिर्फ चाय बनाना नहीं, बल्कि चाय को नए रूप देना है. आज वह 120 से अधिक फ्लेवर की चाय बना लेते हैं. इनमें से कुछ फ्लेवर इतने अनोखे हैं कि लोग पहली ही चुस्की में उनके दीवाने हो जाते हैं.
उनकी सबसे लोकप्रिय चायों में शामिल हैं
केसर स्पेशल चाय
नागद्वार चाय
पान फ्लेवर चाय
फूलों से बनी चाय
सब्जियों से बनी चाय
फ्रूट फ्लेवर चाय
उनकी चाय सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि सुगंध और अनोखे संयोजन की वजह से बिल्कुल अनोखी होती है.

बड़े सितारों को पिलाई चाय
लक्ष्मण ने आज तक कई बड़े-बड़े दिग्गजों को अपनी खास चाय पिलाई है। इनमें शामिल हैं
बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन
अभिनेता आशुतोष राणा
राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार
देश के कई उद्योगपति, नेता और मंत्री

उनकी चाय की खुशबू शादियों तक पहुंच चुकी है. बड़े उद्योगपतियों और राजनेताओं की शादी में वह खासतौर पर चाय का स्टॉल लगाते हैं. और खास बात यह है कि उनके स्टॉल की कीमत भी मामूली नहीं होती.

स्टॉल की लागत लाखों में, फीस 30 से 35 हजार तक
जिन्हें लगता है कि चाय बेचकर ज्यादा कमाई नहीं होती, उन्हें यह कहानी जरूर जाननी चाहिए. आज लक्ष्मण ओझा देश के सबसे महंगे चाय सर्विस देने वालों में गिने जाते हैं. किसी भी शादी में उनका चाय स्टॉल लगाने की कॉस्ट लाखों में जाती है. सिर्फ आने का 35,000 रुपए तक चार्ज करते हैं.
उनकी चाय के फ्लेवर, प्रीमियम सामग्री और प्रेजेंटेशन उन्हें खास बनाता है.

पिछले कुछ सालों में वह मुंबई, दिल्ली, भोपाल, इंदौर और देश के कई बड़े शहरों में शादी-पार्टी में चाय सर्व कर चुके हैं. जहां भी जाते हैं, लोग उनकी चाय की तारीफ करते नहीं थकते.

क्यों हैं एमपी के सबसे महंगे चाय वाले?
लक्ष्मण ओझा का कहना है कि उनकी चाय की खासियत इसमें प्रयोग किए जाने वाले असली मसाले, केसर, जड़ी-बूटियां और अनोखी रेसिपियां हैं. वह हर चाय को एक नए अंदाज में तैयार करते हैं. स्वाद, सुगंध और प्रस्तुति ये तीनों मिलकर उनकी चाय को एक प्रीमियम अनुभव बना देते हैं.
इसी वजह से एमपी ही नहीं, बल्कि देशभर में वह सबसे महंगे चाय मेकर माने जाते हैं. लोग उनके स्टॉल की बुकिंग पहले से ही महीनों तक कराते हैं.

सफलता का राज, हुनर में भरोसा और काम से प्यार
लक्ष्मण की कहानी यह बताती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प किसी भी साधारण काम को असाधारण बना सकता है. उन्होंने चाय को सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि एक कला के रूप में बनाया. यही वजह है कि आज वह लखपति चाय वाले कहलाते हैं. उनका संदेश भी बेहद सीधा है अगर आप अपने काम से प्यार करते हैं, तो दुनिया का कोई भी काम छोटा नहीं होता.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *