मोजीपाड़ा क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे हादसा हुआ है।
झाबुआ शहर के मोजीपाड़ा क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
.
मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने वाली कार का नंबर MP 45 C 3244 है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और उसका चालक नशे में धुत था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
टक्कर मारने के बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से वह कामयाब नहीं हो सका। लोगों ने कार चालक को तुरंत पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
चालक को पुलिस थाने ले गई
घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, कोतवाली पुलिस चालक को थाने ले गई और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। कोतवाली पुलिस ने इस हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।