भोपाल. मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंडी का दौर देखने को मिल रहा है. इस दौरान राजधानी भोपाल सहित कई जिलों के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है. रात और सुबह के समय कोहरा छाने के साथ ही ठंड अपना असर दिख रही है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, राजगढ़, रीवा, सीहोर, शाजापुर और शहडोल में तीव्र शीत लहर का प्रभाव देखा गया.
शनिवार-रविवार की रात राजगढ़ जिले का तापमान इस सीजन के न्यूनतम स्तर पर गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा शाजापुर के गिरवर में भी 6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री, राजधानी भोपाल और इंदौर में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. रात के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. नवंबर का पहला पखवाड़ा बीतने के साथ ही इस बार सर्दी अपने कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए नजर आ रही है.
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, वर्तमान समय में एक लो प्रेशर एरिया श्रीलंका तट के आसपास बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है. साथ ही एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी ऊपर तक फैला हुआ है. अगले 24 घंटे के दौरान यह पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है. अगले तीन दिनों तक प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा, लेकिन इसके बाद शीतलहर का प्रकोप कुछ हद तक काम हो सकता है.
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसमें मुख्य रूप से मौसम विभाग ने सोमवार को इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, धार, शिवपुरी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, जबलपुर और दमोह में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
तापमान का ताजा हाल
अधिकतम तापमान: खंडवा – 29.5°C (सबसे ज्यादा), नर्मदापुरम – 29.2°C, खरगोन – 28.6°C, सतना – 28.2°C, सागर – 28°C
न्यूनतम तापमान: राजगढ़/गिरवर (शाजापुर) – 6°C, (सबसे कम), कल्याणपुर (शहडोल) – 6.2°C, भोपाल/इंदौर – 6.4°C, उमरिया – 7.3°C, रीवा – 7.4°C
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
ग्वालियर – 27.8°C
उज्जैन – 27.7°C
इंदौर – 25.9°C
भोपाल – 25.8°C
जबलपुर – 25.7°C
.