जरूरत की खबर- फ्रिज ब्लास्ट से बच्चे का चेहरा फटा: फ्रिज मेंटेनेंस की 12 जरूरी बातें, जानें किन स्थितियों में हो सकता है ब्लास्ट

53 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

हाल ही में मध्य प्रदेश के कटनी जिले में 14 साल के एक बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा हुआ। उसने जैसे ही घर में फ्रिज का दरवाजा खोला, जोरदार धमाका हुआ और उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। पड़ोसियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके चेहरे की 108 हड्डियां क्रैक हो चुकी थीं। करीब ढाई घंटे चले ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।

यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मार्च 2025 में राजस्थान के सिरोही जिले में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जहां फ्रिज से सामान निकालते वक्त कंप्रेसर में ब्लास्ट होने से एक युवक की मौत हो गई थी।

इन घटनाओं से साफ है कि फ्रिज जैसी रोजमर्रा की घरेलू चीजों का गलत इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए ऐसे हादसों से बचने के लिए फ्रिज के इस्तेमाल के दौरान कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी हैं।

तो चलिए, आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि फ्रिज में ब्लास्ट क्यों होता है। साथ ही जानेंगे कि-

  • फ्रिज इस्तेमाल के दौरान किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए?
  • कितने दिनों में फ्रिज की सर्विसिंग कराना जरूरी है?

एक्सपर्ट: शशिकांत उपाध्याय, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर, अहमदाबाद

सवाल- कटनी केस में फ्रिज में ब्लास्ट होने के क्या संभावित कारण हो सकते हैं?

जवाब- पावर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर शशिकांत उपाध्याय बताते हैं कि ऐसे केस में ब्लास्ट के पीछे कई संभावित टेक्निकल और सेफ्टी फैक्टर हो सकते हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित के घर में 15 साल पुराना फ्रिज इस्तेमाल हो रहा था। इतने पुराने फ्रिज में हो सकता है कि कंप्रेसर, थर्मोस्टेट और अन्य कंपोनेंट्स कमजोर हो गए हों। जैसे ही बच्चे ने दरवाजा खोला, संभव है कि स्पार्क बना हो और ये लीक गैस के संपर्क में आते ही ब्लास्ट हो गया हो।

सवाल- किन कारणों से फ्रिज में ब्लास्ट हो सकता है?

जवाब- अक्सर लोगों को लगता है कि फ्रिज खुद ब्लास्ट करता है, लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल फ्रिज के पीछे लगे कंप्रेसर में खराबी या गैस लीक होने से यह हादसा होता है। कंप्रेसर के अंदर एक पंप और मोटर होती है, जो रेफ्रिजरेंट गैस को कॉइल्स में भेजती है, जिससे फ्रिज ठंडा रहता है। लगातार इस्तेमाल या फ्रिज में बर्फ जमने से गैस का फ्लो रुक जाता है। इससे फ्रिज का पिछला हिस्सा गर्म होने लगता है और कॉइल्स सिकुड़ने लगती हैं। अंदर दबाव बढ़ने से विस्फोट की स्थिति बन सकती है।

गैस लीक, शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग जैसी तकनीकी खराबियों के कारण भी फ्रिज में ब्लास्ट होता है। फ्रिज के अंदर कूलिंग के लिए आइसोब्यूटेन (R-600a) जैसी ज्वलनशील गैस का इस्तेमाल किया जाता है, जो लीक होकर बंद कमरे में जमा हो जाए तो स्पार्क या बिजली के संपर्क में आने पर विस्फोट हो सकता है।

इसके अलावा पुराने या खराब फ्रिज में यह खतरा और बढ़ जाता है क्योंकि समय के साथ वायरिंग कमजोर हो जाती है और गैस कंट्रोल सिस्टम सही से काम नहीं करता है। नीचे दिए ग्राफिक से इसके मुख्य कारणों को समझिए-

सवाल- फ्रिज इस्तेमाल के दौरान किस तरह की सावधानियां बरतनी जरूरी है?

जवाब- फ्रिज घर के जरूरी उपकरणों में से एक है, लेकिन इसकी सही देखभाल और सुरक्षित इस्तेमाल बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। हालांकि कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर हादसों से बचा जा सकता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- किन संकेतों से समझें कि फ्रिज को सर्विसिंग की जरूरत है?

जवाब- अगर फ्रिज समय पर सर्विस नहीं किया जाए तो ओवरहीटिंग, गैस लीक या शॉर्ट सर्किट जैसी प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। ऐसे में कुछ संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जैसेकि-

  • कंप्रेसर बहुत जल्दी गर्म होना।
  • जलने जैसी गंध आना।
  • कंप्रेसर से तेज आवाज आना।
  • फ्रीजर में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमना।
  • फ्रिज बहुत देर में ठंडा होना।
  • दरवाजे पर करंट लगना या हल्का झटका महसूस होना।
  • लाइट जल रही हो, लेकिन कूलिंग न हो।
  • पानी का रिसाव या गैस लीक जैसी सीटी की आवाज आना।

सवाल- फ्रिज के बेहतर रख-रखाव के टिप्स क्या हैं?

जवाब- फ्रिज की लाइफ बढ़ाने और ब्लास्ट जैसी घटनाओं से बचने के लिए उसका रेगुलर मेंटेनेंस बहुत जरूरी है। सही रख-रखाव न केवल बिजली की बचत करता है, बल्कि फ्रिज के सामानों को भी लंबे समय तक फ्रेश रखता है। नीचे दिए ग्राफिक से फ्रिज मेंटेनेंस के कुछ आसान टिप्स समझिए-

सवाल- फ्रिज की सर्विसिंग कितने दिनों में करानी चाहिए?

जवाब- आमतौर पर फ्रिज की सर्विसिंग साल में एक बार कराना जरूरी है। इससे कंप्रेसर, गैस और कूलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता बनी रहती है और किसी बड़ी खराबी से पहले ही समस्या का पता चल जाता है। पुराने फ्रिज या ज्यादा इस्तेमाल वाले फ्रिज की सर्विसिंग थोड़ा और पहले कराना बेहतर है।

सवाल- फ्रिज का टेम्परेचर कितना रखना चाहिए, जिससे ब्लास्ट का खतरा न हो?

जवाब– आमतौर पर रेफ्रिजरेटर का तापमान 2°C से 5°C और फ्रीजर का -15°C से -18°C के बीच होना चाहिए। अगर तापमान बहुत कम कर दिया जाए तो कूलिंग सिस्टम पर ओवरलोड बढ़ जाता है, जिससे गैस प्रेशर असामान्य हो सकता है और फ्रिज ओवरहीट होकर खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए न बहुत ठंडा और न ही बहुत गर्म, बस मध्यम और स्थिर तापमान ही सबसे सुरक्षित होता है।

सवाल- क्या 24 घंटे फ्रिज चलाने से भी ब्लास्ट का खतरा बढ़ता है?

जवाब- नहीं, फ्रिज को 24 घंटे चलाना पूरी तरह सामान्य है क्योंकि इसे लगातार ठंडा बनाए रखने के लिए ही बनाया जाता है। खतरा तब बढ़ता है, जब फ्रिज की मेंटेनेंस में लापरवाही हो, उसकी पिछली तरफ वेंटिलेशन स्पेस न हो या कॉइल्स और फैन में धूल जमी हो जिससे गर्मी बाहर न निकल पाती है।

……………….

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- हवा खराब तो लगाएं एयर प्यूरीफायर: जानें हेल्थ बेनिफिट्स, कैसे चुनें सही मॉडल, खरीदते हुए ये 5 चीजें जरूर चेक करें

यूएस की एनवायर्नमेंट प्रोटेक्शन एजेंसी (EPA) के मुताबिक, घर की हवा बाहर की हवा से 2 से 5 गुना ज्यादा प्रदूषित हो सकती है। ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से अस्थमा, स्ट्रोक, हार्ट और लंग्स डिजीज का खतरा बढ़ जाता है। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *