रीवा से दिल्ली का सफर अब सिर्फ 2 घंटे में, वायु सेवा की हुई शुरूआत, व्यापार और पर्यटन को मिले नए पंख

नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा: रीवा एयरपोर्ट के लोकार्पण के एक साल बाद आज से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई। सीएम मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली जुड़कर हवाई सेवा की शुरुआत की। जहां विंध्य क्षेत्र के कई जिलों के सांसद और विधायक शामिल हुए।जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट का शिलान्यास गत 15 फरवरी 2023 को किया गया था।

इसी दिन से रीवा से जबलपुर, भोपाल, खजुराहो, सिंगरौली के लिए एयर टैक्सी और 17 सीटर हवाई जहाज की सुविधा शुरू की गई थी।इधर पीएम नरेंद्र मोदी ने पत्र के माध्यम से विंध्य वासियों को बधाई दी है। समारोह में उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, सांसद सतना गणेश सिंह, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा,मनगवां विधायक नरेन्द्र प्रजापति,सीधी विधायक रीति पाठक समेत अन्य जनप्रतिनिधि यात्रियों को फ्लाइट में चढ़ने से पहले शुभकामना देने पहुंचे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रीवा से नई दिल्ली के लिए 72 सीटर हवाई सेवा का शुभारंभ किया। जल्द ही इंदौर के लिए भी 72 सीटर हवाई सेवा शुरू की जाएगी।इसके पहले गत 28 अक्टूबर को रीवा एयरपोर्ट पर एटीआर-72 विमान का सफल ट्रायल हुआ था, जिसे रीवा के पायलट राघव मिश्रा ने उड़ाया था। ट्रायल की सफलता के बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई और नियमित उड़ानों का मार्ग प्रशस्त हो गया।

‘रीवा के विकास को पंख लगेंगे’

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि अब रीवा रीवा से दिल्ली के लिए उड़ान संचालित होगी। जिसकी हम कभी कल्पना किया करते थे। आज वह सपना साकार हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपना संदेश भेजकर रीवावासियों की खुशियों में चार चांद लगा दिए हैं। हम सब उनके इस संदेश और प्यार के लिए उनके आभारी हैं। रीवा एयरपोर्ट से अब यात्री मात्र दो घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे। आम लोगों के साथ व्यापारियों को सुविधा मिलेगी और आने वाले समय में रीवा के विकास को पंख लगेंगे।

naidunia_image

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि आज का दिन विंध्य के लिए ऐतिहासिक है। हवाई सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र में शिक्षा, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे। रीवा के जलप्रपातों, मंदिरों और नेशनल पार्कों तक देश-विदेश के पर्यटक आसानी से पहुंच पाएंगे।उन्होंने बताया कि रीवा से दिल्ली और इंदौर की सीधी उड़ानें क्षेत्र के व्यापार को नई दिशा देंगी। पहले व्यापारियों को प्रयागराज या बनारस जाना पड़ता था, लेकिन अब डायरेक्ट कनेक्टिविटी से समय और संसाधन दोनों बचेंगे।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि एक समय था जब विंध्य क्षेत्र में कोई हवाई की कल्पना भी नहीं करता था। यहां बड़े-बड़े नेता सीएम तक रहे लेकिन रेल का सफर भी मुश्किल था। मैं अपनी बात करता हूं कि कभी रीवा ट्रेन से आने के लिए भी सोचना पड़ता था। लेकिन एक आज का दौर है कि रीवा वायु सेवा से पूरी तरह जुड़ चुका है।

यह औद्योगिक क्षेत्र में तो अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ही लेकिन इसके साथ ही मैहर, चित्रकूट, खजुराहो और अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थल से भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। जल्द ही हेलीकॉप्टर की सुविधा भी प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहले से ही एयर एम्बुलेंस की सुविधाएं प्रदेश भर में पहुंचाई जा रही हैं। मैं विंध्य क्षेत्र के सभी जन प्रतिनिधियों को भी बधाई देना चाहता हूं।

एक नजर एयरपोर्ट के सफर पर

रीवा एयरपोर्ट के विकास के साथ आज का दिन विन्ध्य के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हो गया है। विन्ध्यवासियों की हवाई सेवा का सपना तो पिछले साल ही पूरा हो गया था। अब 72 सीटर हवाई जहाज से सीधे नई दिल्ली जाने आने की सुविधा मिल गई। शीघ्र ही इंदौर के लिए भी 72 सीटर हवाई सेवा शुरू होने वाली है। रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास गत 15 फरवरी 2023 को तत्कालयीन केन्द्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा तत्कालीयन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था।

इसके निर्माण के लिए हवाई पट्टी में उपलब्ध 65 एकड़ भूमि के साथ 258 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अर्जन किया गया। भारतीय विमान पतन प्राधिकरण ने इसका निर्माण कराया। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 20 अक्टूबर 2024 को वर्चुअली माध्यम से रीवा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसी दिन से रीवा से जबलपुर, भोपाल, खजुराहों, सिंगरौली के लिए एयर टैक्सी और 17 सीटर हवाई जहाज की सुविधा शुरू हो गई।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के लगातार प्रयासों से रीवा एयरपोर्ट में 28 अक्टूबर को 72 सीटर हवाई जहाज के उतरने और उड़ान भरने की सफल टेस्टिंग हुई। इसके साथ ही एलायंस एयर द्वारा 72 सीटर हवाई जहाज के रीवा से उड़ान भरने का मार्ग प्रशस्त हो गया। विन्ध्य क्षेत्र के लिए आज दिन ऐतिहासिक दिन है। नियमित हवाई सेवा शुरू हो जाने से विन्ध्य क्षेत्र में शिक्षा, कला, सांस्कृतिक, उद्योग, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।

विन्ध्य क्षेत्र में स्थित सुन्दर जल प्रपातों, भव्य मंदिरों, नेशनल पार्कों तथा अन्य पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक इस हवाई सेवा का लाभ लेकर पहुंचेगे। रीवा भविष्य में उत्तरमध्य भारत का सबसे महत्वपूर्ण हवाई सेवा केन्द्र बनने की ओर धीरे-धीरे कदम बढ़ा रहा है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *