How To Store Pickles In Winter Without Sunlight : भारतीय खाने की बात हो और अचार का ज़िक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. पराठे हों, रोटी हो या दाल-चावल, थोड़ा सा अचार पूरे खाने का स्वाद दोगुना कर देता है. यही वजह है कि हर घर में आम, नींबू, गाजर, मिर्च या मिश्रित सब्जियों का कोई न कोई अचार ज़रूर मिल जाता है. सर्दियों में ज्यादातर लोग नए अचार बनाते हैं, लेकिन ठंड में धूप कम मिलने की वजह से कई बार अचार ठीक से नहीं सूख पाता और जल्दी खराब होने लगता है. अगर आप चाहते हैं कि बिना धूप के भी आपका अचार महीनेभर तक सही बना रहे, तो बस कुछ आसान स्टोरेज टिप्स याद रखिए.
अचार हमेशा कांच की बर्नी में ही रखें-
अक्सर लोग अचार बनाकर प्लास्टिक या स्टील के डिब्बे में भर देते हैं, जबकि यही सबसे बड़ी गलती होती है. प्लास्टिक या मेटल कंटेनर में अचार के मसाले रिएक्ट कर जाते हैं और स्वाद कड़वा होने लगता है. इसलिए अचार को हमेशा कांच की साफ और सूखी बर्नी में ही रखें. कांच न सिर्फ सेफ होता है, बल्कि उसमें रखा अचार लंबे समय तक फ्रेश रहता है.
तेल और नमक को कम न करें-
कई लोग सोचते हैं कि ज़्यादा तेल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, इसलिए कम तेल में अचार बना लेते हैं. लेकिन जान लें कि तेल और नमक दोनों ही प्राकृतिक प्रिज़र्वेटिव हैं. अगर अचार में पर्याप्त तेल और नमक नहीं होगा, तो वह जल्दी सूखकर खराब हो जाएगा. इसलिए अचार बनाते समय तेल को अच्छी तरह डालें और मसालों में नमक बैलेंस रखें.
कंटेनर को ढकने से पहले लगाएं कपड़ा या कागज-
नमी अचार की सबसे बड़ी दुश्मन होती है. कई बार एयरटाइट कंटेनर होने के बावजूद थोड़ी सी नमी अचार के स्वाद को बिगाड़ देती है. इसे रोकने के लिए एक आसान तरीका है, अचार के जार पर ढक्कन लगाने से पहले साफ सूखा कपड़ा या कागज रख दें. इससे नमी अंदर नहीं जाएगी और अचार ज्यादा समय तक टिकेगा.
साफ और सूखे चम्मच से ही निकालें अचार–
अक्सर लोग अचार में चम्मच डालकर छोड़ देते हैं या गीले हाथों से निकालते हैं. ऐसा करने से अचार में फंगस लग जाती है. ध्यान रखें कि अचार हमेशा साफ, सूखे स्टील या लकड़ी के चम्मच से ही निकालें. और अगर हाथ से ले रहे हैं, तो हाथ पूरी तरह साफ और सूखे हों.
जब भी मौका मिले, धूप जरूर दिखाएं-
अगर ठंड में धूप कम भी हो, तो जब भी एक-दो दिन तेज धूप मिले, अचार की बर्नी को कुछ घंटों के लिए धूप में रख दें. इससे नमी निकल जाएगी और अचार का स्वाद और भी बढ़ जाएगा.
अगर आप ये छोटे-छोटे हैक्स अपनाएंगे, तो आपका अचार महीनों तक खराब नहीं होगा, चाहे धूप मिले या न मिले. बस ध्यान रहे, साफ-सफाई और सही स्टोरेज ही अचार की असली जान है.
.