अचानक सीने में होने लगे दर्द तो क्या यह हार्ट अटैक है? किन वजहों से आती है ये नौबत, कार्डियोलॉजिस्ट से जानिए सारी बातें

नई दिल्ली. क्या कभी आपको सीने में अचानक तेज दर्द महसूस हुआ है. कभी न कभी इंसान के जीवन में ऐसा जरूर होता है लेकिन क्या यह हार्ट अटैक हो सकता है. इस बारे में शायद ही कभी आपने सोचा है. यह सच है कि सीने में उठने वाला तेज दर्द हमेशा हार्ट अटैक के लक्षण नहीं होते लेकिन यह हो भी सकता है. क्लीवलैंड क्लिनिक के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजय भार्गव कहते हैं सीने में तेज दर्द हार्ट अटैक हो भी सकता है और नहीं भी हो सकता है. इसलिए सीने में आए अचानक दर्द को कभी नजरअंदाज करने की भूल न करें. विशेषज्ञों की मानें तो हर तरह के सीने के दर्द को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि यह कई अन्य बीमारियों का संकेत हो सकता है. आइए इसके कारण के बारे में जानते हैं.

सीने में अचानक दर्द के कारण

1. एओर्टिक डिसेक्शन : क्लीवलैंड क्लीनिक के  डॉ. अजय भार्गव कहते हैं कि जब हार्ट की मुख्य रक्तवाहिनी की परत फट जाती है तो छाती और पीठ में तेज, चीरने जैसा दर्द महसूस होता है. यह स्थिति तुरंत इलाज की मांग करती है. इसमें हार्ट अटैक या कार्डिएक अरेस्ट भी हो सकता है.

2. कोरोनरी आर्टरी डिजीज: इसमें रक्तवाहिनियां संकरी हो जाती हैं और एंजाइना जैसा दबाव या कसाव महसूस होता है, जो आराम करने पर कम हो जाता है.

3. हार्ट इंफ्लेमेशन: मायोकार्डाइटिस या पेरिकार्डाइटिस जैसी सूजन दिल के आस-पास दर्द पैदा कर सकती है.इसमें भी हार्ट अटैक का चांस रहता है. इसके अलावा बहुत तेज़ (टैकीकार्डिया) या बहुत धीमी (ब्रेडीकार्डिया) धड़कन से भी सीने में दर्द और बेचैनी हो सकती है.

4. फेफड़ों में थक्का :अगर लंग्स में खून का थक्का जमने लगे तो इससे भी अचानक सीने में दर्द हो सकता है. यह खतरनाक स्थिति है जिसमें खून का थक्का फेफड़ों तक पहुंच जाता है. वहीं अचानक फेफड़े सिकुड़ जाने से भी तेज चुभन होती है. इसके अलावा ब्रोंकाइटिस, निमोनिया या प्ल्यूरिसी जैसी बीमारियों में भी दर्द संभव है.

5. रीढ़ या पसली की चोट: अगर रीढ़ या पसली में गंभीर चोट है तो मामूली खांसी या भारी वजन उठाने से सीने में तेज दर्द होता है.

6. गैस, एसिडिटी या जीईआरडी : सीने में अचानक तेज दर्द का लगभग 30 प्रतिशत कारण यही होता है. अगर पेट में बहुत ज्यादा गैस, एसिडिटी या जीईआरडी की बीमारी में अक्सर सीने में तेज दर्द का सामना करना पड़ता है. यह दर्द खाने या लेटने के बाद बढ़ सकता है.

7. एंग्जाइटी र पैनिक अटैक: कभी-कभी बहुत तेज घबराहट या भय की स्थिति आती है, इस समय सीने में भी अचानक तेज दर्द हो सकता है. में भी शरीर ऐसी प्रतिक्रिया दे सकता है जिसे हार्ट अटैक समझ लिया जाता है.

हार्ट अटैक वाला दर्द कैसा होता

डॉ. अजय भार्गव बताते हैं कि हार्ट अटैक से जुड़ा दर्द आमतौर पर वजन या दबाव जैसा महसूस होता है. ऐसा लगता है जैसे सीने पर बहुत बड़ा बोझ दबाने लगा है. यह दर्द कई बार हाथ, जबड़े, कंधे या पीठ तक फैल सकता है. इसके साथ सांस फूलना, ठंडा पसीना या चक्कर जैसी स्थितियां भी देखी जाती है. अमेरिका की एक मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक सीने के दर्द के 5 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में लोग इमरजेंसी रूम तक पहुंचते हैं लेकिन उनमें से सिर्फ 6 प्रतिशत में ही जानलेवा स्थिति पाई जाती है. फिर भी सीने में दर्द को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.अगर बार-बार सीने में अचानक दर्द हो तो आपको हर हाल में डॉक्टर से दिखाना चाहिए. कई तरह की जांच के बाद यह तय होगा कि आपको किस वजह से सीने में दर्द हो रहा है.
Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *