Pregnancy Tips: गर्भावस्था में आयरन की कमी नहीं होने देगी रसोई में मौजूद ये चीजें, जानिए इनके नाम

दिल्ली: गर्भावस्था के दौरान आयरन का स्तर बढ़ाने के लिए अक्सर महिलाएं गोलियों का सहारा लेती हैं. लेकिन, रसोई में मौजूद कई चीजें गर्भावस्था के दौरान प्राकृतिक रूप से आयरन के स्तर को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. तो आइए जानते हैं विशेषज्ञों के अनुसार वो कौन सी चीजें हैं जिसके सेवन से आपको आयरन का स्तर बढ़ाने के लिए गोलियों का सहारा नहीं लेना होगा.

खजूर, अंजीर और किशमिश
सूखे मेवों का यह अद्भुत मिश्रण आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर, विटामिन A और C से भरपूर है. रात भर भिगोए हुए 2-3 खजूर, 2 अंजीर और एक बड़ा चम्मच किशमिश नाश्ते में या नाश्ते के साथ लें, ये आपको तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं और आयरन के स्तर को बढ़ाते हैं.

नारियल
नारियल आयरन से भरपूर होता है. खजूर/गुड़ के साथ नारियल को लड्डू के रूप में खाने या नारियल पानी पीने से एनीमिया से लड़ने और हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद मिलती है. इससे कब्ज से भी राहत मिलती है.

गाजर-चुकंदर-आंवला
चुकंदर और गाजर आयरन से भरपूर होते हैं. आंवला विटामिन C से भरपूर होता है. इन तीनों को एक साथ मिलाकर खाने से आयरन से भरपूर एक बेहतरीन रेसिपी बनती है क्योंकि आंवले में मौजूद विटामिन C बाकी दोनों से आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है.

अनार
अनार विटामिन K, विटामिन C, फाइबर, पोटैशियम और प्रोटीन से भरपूर होता है. हालांकि आयरन की मात्रा ज़्यादा वाले कई अन्य फल भी हैं, लेकिन एनीमिया के लिए अनार की सलाह दी जाती है क्योंकि इसमें विटामिन C भरपूर मात्रा में होता है. अनार में विटामिन C की उच्च मात्रा हमारे शरीर को इसमें मौजूद आयरन को आसानी से अवशोषित करने में मदद करती है.

हरी मूंग
मूंग की दाल में आयरन, प्रोटीन और फाइबर भी भरपूर मात्रा में होता है. इन तीनों चीजों की गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को ज़्यादा ज़रूरत होती है. लेकिन, एक्सपर्ट की मानें तो गर्भावस्था के दौरान कच्चे अंकुरित अनाज से बचना चाहिए. वहीं, ज़्यादा से ज़्यादा लाभ के लिए इन्हें पकाकर ही खाना चाहिए.

बादाम
बादाम में मौजूद आयरन भ्रूण की रोग प्रतिरोधक क्षमता और हृदय के विकास को बेहतर बनाने में मदद करता है. यह मां के शरीर से बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने में भी मदद करता है. इससे गर्भवती महिलाओं को थकान से लड़ने में मदद मिलती है.

भुने हुए चने
प्रत्येक 100 ग्राम चने में लगभग 22% आयरन होता है. यह शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं को बढ़ावा देता है और गर्भावस्था के दौरान थकान और मतली से भी राहत देता है.

रागी
यह आयरन, कैल्शियम और फोलेट जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों से भरपूर होता है. यह शिशु के स्वस्थ विकास और मां के स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है. इसके सेवन से शिशु के विकास में मदद मिलती है.

कद्दू के बीज
बिना नमक वाले कद्दू के बीज नाश्ते के रूप में बेहतरीन होते हैं. आयरन से भरपूर कद्दू के बीज एनीमिया को रोकने में मदद करते हैं, जो गर्भावस्था के दौरान एक आम समस्या है. मैग्नीशियम मांसपेशियों और तंत्रिकाओं के कार्य को बेहतर बनाता है, ऐंठन और समय से पहले प्रसव के जोखिम को कम करता है. ज़िंक शिशु के विकास और वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

जामुन
यह आयरन, विटामिन A और विटामिन C से भरपूर होता है. यह शरीर के हीमोग्लोबिन स्तर को बढ़ाने में मदद करता है क्योंकि इसमें आयरन की भरपूर मात्रा होती है. यह गर्भवती महिलाओं के लिए फायदेमंद है और गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को होने वाली एनीमिया की समस्या से निपटने में भी प्रभावी है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *