Last Updated:
अक्सर लोग आलू छीलकर उसके छिलके को कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही आलू का छिलका सेहत, सुंदरता और बागवानी तीनों के लिए खजाना साबित हो सकता है? इसमें विटामिन, फाइबर, आयरन, जिंक और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं. अगर इसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यह शरीर, त्वचा, बालों और पौधों सभी के लिए फायदेमंद साबित होता है.
आलू का छिलका बालों के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक डाई की तरह काम करता है. अगर बाल समय से पहले सफेद होने लगें, तो आलू के छिलकों को पानी में उबालकर तैयार किए गए पानी से बाल धोने पर उनका रंग धीरे-धीरे गहरा होने लगता है. इससे बालों में प्राकृतिक चमक आती है और झड़ने की समस्या भी कम होती है.

छिलकों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं. अगर आप त्वचा की रंगत निखारना चाहते हैं, तो आलू के छिलकों को पीसकर उसमें थोड़ा शहद मिलाकर फेस पैक की तरह लगाएं. यह टैनिंग दूर करने, दाग-धब्बे कम करने और चेहरे को ग्लो देने में मदद करता है.

घर की सफाई में काम आने वाला यह घरेलू उपाय काफी प्रभावी है. आलू के छिलकों में मौजूद स्टार्च का इस्तेमाल धातु की वस्तुओं को चमकाने के लिए किया जा सकता है. बर्तनों या चाकू पर जमी जंग को दूर करने के लिए आलू के छिलकों से रगड़ें. इससे वे फिर से चमकने लगेंगे.

अगर आप घर में पौधे लगाते हैं, तो आलू के छिलके बेहतरीन ऑर्गेनिक खाद साबित हो सकते हैं. इन्हें सुखाकर या सीधे मिट्टी में दबाने से पौधों को पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व मिलते हैं, जो उनकी बढ़त में मदद करते हैं.

आलू के छिलके में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है. उबले आलू को बिना छीले खाने से पेट साफ रहता है और वजन नियंत्रण में भी मदद मिलती है. छिलके में पाया जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में सहायक होता है.

तो अगली बार जब भी आप आलू छीलें, तो उसके छिलके को फेंकने से पहले दो बार जरूर सोचें. यही छिलके आपके बाल, त्वचा, पौधों और सेहत, चारों की एक साथ देखभाल कर सकते हैं.
.