- Hindi News
- Business
- Hinduja Group Chairman Death; Gopichand Hinduja Net Worth | Business News
लंदन18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद पी हिंदुजा का सोमवार (4 नवंबर) को 85 साल की उम्र में लंदन में निधन हो गया। हिंदुजा कई हफ्तों से बीमार चल रहे थे और हॉस्पिटल में एडमिट थे।
2023 में बड़े भाई श्रीचंद हिंदुजा के निधन के बाद उन्होंने ग्रुप की कमान संभाली थी। गोपीचंद को ‘जीपी’ कहकर पुकारा जाता था। उन्होंने ग्रुप को ग्लोबल लेवल पर मजबूत बनाया था।

सिंधी व्यापारी परिवार से ब्रिटेन के सबसे अमीर शख्स तक की यात्रा को जानते हैं…
सिंध की मिट्टी में जन्म
साल 1940 का वो दौर, जब सिंध (अब पाकिस्तान का हिस्सा) में एक सिंधी व्यापारी परिवार में गोपीचंद परमानंद हिंदुजा का जन्म हुआ। गोपीचंद का बचपन मुंबई की गलियों में बीता, जहां उन्होंने जय हिंद कॉलेज से 1959 में ग्रेजुएशन किया। बाद में उन्हें वेस्टमिंस्टर यूनिवर्सिटी से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ लॉ और लंदन के रिचमंड कॉलेज से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ इकोनॉमिक्स मिला।
फैमिली बिजनेस में एंट्री
गोपीचंद हिंदूजा ने 1959 में मुंबई में फैमिली बिजनेस जॉइन किया। दशकों में, उन्होंने हिंदूजा ग्रुप को एक पारंपरिक इंडो-मिडिल ईस्ट ट्रेडिंग ऑपरेशन से बदलकर बैंकिंग, फाइनेंस, एनर्जी, ऑटोमोटिव, मीडिया और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर्स में फैले ग्लोबल इंडस्ट्रियल पावरहाउस में तब्दील कर दिया। उनकी लीडरशिप में ग्रुप ने 1984 में गल्फ ऑयल और तीन साल बाद अशोक लेलैंड का अधिग्रहण किया।

बेटे की शादी में जेनिफर लोपेज ने परफॉर्म किया
गोपीचंद दो बेटे संजय और धीरज और बेटी रीता हैं। संजय की शादी 2015 में उदयपुर में हुई थी। बताया जाता है इसमें 15 मिलियन यूरो (करीब ₹154 करोड़) खर्च हुए थे। इस इवेंट में जेनिफर लोपेज और निकोल शेरजिंगर ने परफॉर्म किया था।
मुंबई से शुरू हुआ बिजनेस, अब लंदन में हेडक्वार्टर
हिंदूजा ग्रुप की शुरुआत 1914 में परमानंद दीपचंद हिंदूजा ने मुंबई से की थी। 5 साल बाद 1919 में ईरान का रुख किया। ग्रुप ने 1979 में अपना बेस ईरान से लंदन शिफ्ट कर लिया, जो इंटरनेशनल एक्सपैंशन का नया दौर था।
आज, मुंबई बेस्ड हिंदूजा ग्रुप दुनिया भर में करीब 2 लाख लोगों को जॉब्स देता है, और फाइनेंस, ऑटोमोटिव, एनर्जी, मीडिया व टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर्स में फैला है।
फैमिली का रियल एस्टेट पोर्टफोलियो भी इम्प्रेसिव है। उनकी सबसे सेलिब्रेटेड प्रॉपर्टी, व्हाइटहॉल का हिस्टोरिक ओल्ड वॉर ऑफिस बिल्डिंग है। इसे अब रैफल्स लंदन होटल में तब्दील कर दिया गया है।
वो कार्लटन हाउस टेरेस भी ओन करते हैं, जो बकिंघम पैलेस के पास एक प्रेस्टीजियस एड्रेस है। गोपीचंद लंदन बेस्ड थे, जबकि उनके छोटे भाई प्रकाश मोनाको में रहते हैं, और सबसे छोटे भाई अशोक मुंबई से इंडिया ऑपरेशन्स मैनेज करते हैं।
.