मुंबई4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारत सरकार ने 1992 में पहली बार मोबाइल सेवा के लिए लाइसेंस बांटने शुरू किए।
टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल लिमिटेड को वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में ₹6,791.7 (कॉन्सोलिडेटेड नेट प्रॉफिट) का मुनाफा हुआ है। कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में ₹3,593.2 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था। सालाना आधार पर यह 89% बढ़ा है।
जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी ने संचालन से ₹52,145 करोड़ का रेवेन्यू जनरेट किया, जो पिछले साल के ₹41,473 करोड़ से 25.73% ज्यादा है। वस्तुओं और सेवाओं को बेचने से मिली राशि को रेवेन्यू या राजस्व कहा जाता है।

जुलाई-सितंबर में ARPU 10% बढ़ा
जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान एयरटेल का एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर यानी ARPU 10% बढ़कर 256 रुपए पर पहुंच गया। जो पिछले साल की समान तिमाही में 233 रुपए था। ARPU का मतलब हर यूजर से औसत कमाई।
कुल रेवेन्यू को एक्टिव यूजर्स से भाग देने पर यह नंबर निकलता है। जैसे- रेवेन्यू 10 लाख है और कंपनी के पास 1000 यूजर हैं, तो ARPU ₹1000 होगा। इससे कंपनी पता लगाती है कि ग्राहक कितना फायदा दे रहा। साथ ही यह प्लानिंग करती है बेहतर सर्विस या अपसेलिंग के लिए क्या किया जाए।
एयरटेल देश की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है
दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2025) के नतीजों से पहले सोमवार, 3 नवंबर को एयरटेल का शेयर 1.10% चढ़कर 2,077 पर बंद हुआ। बीते एक महीने में यह 9.51%, 6 महीने में 11.31% और एक साल में 30.53% चढ़ा है। मार्केट वैल्यू के लिहाज से एयरटेल 12.43 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप के साथ देश की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है।

एयरटेल के शेयर ने बीते एक महीने में 10% का रिटर्न दिया है। 3 अक्टूबर को इसकी वैल्यू 1896 रुपए थी जो बढ़कर 3 नवंबर को 2077 रुपए पर पहुंच गई।
1995 में हुई थी भारती एयरटेल की शुरुआत
भारत सरकार ने 1992 में पहली बार मोबाइल सेवा के लिए लाइसेंस बांटने शुरू किए। कंपनी के फाउंडर सुनील मित्तल ने इस अवसर को समझा और फ्रेंच कंपनी विवेंडी के साथ मिलकर दिल्ली और आस-पास के इलाकों के लाइसेंस हासिल किए। 1995 में मित्तल ने सेल्युलर सर्विस ऑफर करने के लिए भारती सेल्युलर लिमिटेड बनाई और एयरटेल ब्रांड के तहत काम शुरू किया।
.