शिवपुरी में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वर्चुअल जुड़े, विकास प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र – Shivpuri News

शिवपुरी के मानस भवन में मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

.

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों में चुनौतियों का सामना करते हुए एक सशक्त और समृद्ध राज्य के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेश की संस्कृति, विरासत और उपलब्धियों को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जोड़ा।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी और सीईओ जिला पंचायत विजय राज सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना और मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की, जिसका प्रमाण केंद्र सरकार से मिला सर्वोत्तम पुरस्कार है। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि ऊर्जा, शिक्षा, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है और युवाओं को इस विकास यात्रा में आगे आना चाहिए।

इस दौरान आईगोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर सर्वाधिक कोर्स पूर्ण करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए।

स्थापना दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग शिवपुरी द्वारा मानस भवन परिसर में एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाएं, नारी सशक्तिकरण, पर्यटन और ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

मुख्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

देखिए तस्वीरें…

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *