Cleaning Artificial Flowers: घर की खूबसूरती सिर्फ फर्नीचर या दीवारों से नहीं बढ़ती, बल्कि सजावट की छोटी-छोटी चीजें भी बड़ा असर डालती हैं. इन्हीं में से एक है आर्टिफिशियल फूल, जो हर मौसम में घर को ताजगी और रंगों से भर देते हैं, लेकिन अक्सर लोग इन्हें सजाने के बाद भूल जाते हैं, जिससे कुछ ही दिनों में इन पर धूल जम जाती है और फूल फीके लगने लगते हैं, अगर इनकी सही तरीके से देखभाल की जाए तो ये लंबे वक्त तक नए जैसे दिख सकते हैं. असली फूलों की तरह इनकी खुशबू भले ही न हो, लेकिन इनकी खूबसूरती पूरे कमरे का लुक बदल देती है. कई बार घर में पंखा, खिड़की या एसी की हवा के कारण फूलों पर धीरे-धीरे धूल जमा हो जाती है, अगर आप इन्हें समय-समय पर साफ नहीं करते तो ये फूल फीके और बेजान लगने लगते हैं. अच्छी बात ये है कि इन्हें साफ करना कोई मुश्किल काम नहीं है. बस थोड़ी सी समझदारी और कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाकर आप अपने आर्टिफिशियल फूलों को लंबे वक्त तक चमकदार और सुंदर रख सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे –
अगर आपके आर्टिफिशियल फूलों पर हल्की-फुल्की धूल जमी है, तो सबसे आसान तरीका है मुलायम कपड़े से सफाई करना. आप एक सूखा और साफ माइक्रोफाइबर कपड़ा लें और हल्के हाथों से फूलों की पंखुड़ियों और पत्तियों पर जमी धूल को साफ करें, अगर फूलों की डिजाइन बहुत डीटेल में है तो धीरे-धीरे अंदर की तरफ भी कपड़ा घुमाएं ताकि अंदर जमी धूल भी निकल जाए.
ध्यान रखें, कपड़ा ज्यादा गीला न हो क्योंकि कई बार पानी के कारण फूलों का रंग हल्का पड़ सकता है या उन पर दाग लग सकते हैं, अगर बहुत हल्की गंदगी है तो कपड़े को थोड़ा-सा गीला करके भी साफ कर सकते हैं.
ब्रश से करें डीप क्लीनिंग
अगर फूलों की डिजाइन बहुत बारीक है या इनमें छोटे-छोटे हिस्से हैं, तो कपड़े से सफाई पूरी नहीं हो पाती. ऐसे में सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें. आप मेकअप ब्रश या पेंटिंग ब्रश भी यूज़ कर सकते हैं. ब्रश से धीरे-धीरे फूलों के बीच और नीचे के हिस्सों में फंसी धूल को निकालें.
यह तरीका खासकर उन आर्टिफिशियल फूलों के लिए बेहतर है जो कपड़े या सिल्क मटेरियल से बने होते हैं. ब्रश से सफाई करने पर फूलों की फिनिशिंग खराब नहीं होती और ये फिर से नए जैसे चमकने लगते हैं.
डिटर्जेंट और पानी से हटाएं दाग
अगर आपके फूलों पर जिद्दी दाग या धूल की मोटी परत जम गई है, तो अब वक्त है थोड़ी डीप क्लीनिंग का. आप एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें हल्का डिटर्जेंट मिलाएं. अब फूलों को इसमें करीब 10 से 15 मिनट के लिए डाल दें. इससे जमी हुई गंदगी अपने आप ढीली पड़ जाएगी.
उसके बाद एक साफ कपड़े या स्पंज से हल्के हाथों से फूलों को पोंछें. फिर इन्हें साफ पानी से धोकर किसी सूखे कपड़े पर रख दें ताकि ये अच्छे से सूख जाएं. ध्यान रखें कि इन्हें धूप में न सुखाएं क्योंकि ज्यादा धूप से फूलों का रंग उड़ सकता है.
कॉर्नस्टार्च या नमक से करें ड्राई क्लीन
अगर आप पानी या डिटर्जेंट इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो ये तरीका बहुत काम का है. एक बड़े प्लास्टिक बैग में थोड़ा कॉर्नस्टार्च या नमक डालें और फूलों को उसमें रखकर हल्के हाथों से हिलाएं. कुछ देर में सारा डस्ट नमक या स्टार्च के साथ निकल जाएगा. इसके बाद फूलों को बाहर निकालकर झाड़ दें, ये तरीका खासकर पेपर या फैब्रिक के फूलों के लिए बेहतरीन है.
चमक बरकरार रखने के लिए छोटे-छोटे टिप्स
1. हर हफ्ते एक बार फूलों को हल्के कपड़े या ब्रश से साफ करें.
2. महीने में एक बार डीप क्लीन जरूर करें.
3. फूलों को खिड़की या धूल भरे कोनों से दूर रखें.
4. अगर फूलों का रंग हल्का पड़ने लगा है, तो थोड़ी दूरी से उन पर एयर फ्रेशनर या हेयर ड्रायर की ठंडी हवा चला सकते हैं, इससे धूल भी हटेगी और चमक भी लौटेगी.
5. फूलों को स्टोर करते वक्त कपड़े या पेपर में लपेटकर रखें ताकि उन पर धूल न जमे.
.