जरूरत की खबर- सर्दियां आते ही बंद होता एसी: बंद करने से पहले करें ये 10 जरूरी काम, एसी स्टोरेज के दौरान न करें ये 6 गलतियां

35 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

दिवाली के बाद अब हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। सूरज जल्दी ढलने लगा है, रातें लंबी और सुबह ठंडी होने के साथ दिन का तापमान भी कम होने लगा है। लोग ऊनी कपड़े निकालने लगे हैं। ठंड के अहसास के साथ ही ज्यादातर घरों में पंखा, कूलर और एसी का इस्तेमाल या तो बंद हो चुका है या बहुत कम हो गया है।

इस बीच सर्दियों में महीनों तक एसी बंद रखना और उसे सही तरीके से स्टोर न करना महंगा पड़ सकता है। कई बार लोग एसी को बिना सफाई या तैयारी के ही कवर कर देते हैं, जिसके चलते अगली गर्मियों में यह ठीक से काम नहीं करता है।

लंबे समय तक बंद पड़े रहने से इसमें धूल जमा हो जाती है, जंग लग सकती है और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स खराब हो सकते हैं। हालांकि अगर हम कुछ बेसिक बातों का ध्यान रखें तो एसी सालों तक बेहतरीन परफॉर्मेंस देता रहेगा और रिपेयर का खर्च भी नहीं बढ़ेगा।

तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम सर्दियों में एसी को स्टोर करने के सही तरीके के बारे में बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-

  • एसी कवर करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
  • इस दौरान कौन-सी गलतियां नहीं करनी चाहिए।

एक्सपर्ट: शशिकांत उपाध्याय, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर, अहमदाबाद

सवाल- सर्दियों में एसी बंद करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

जवाब- सर्दियों में एसी बंद करने से पहले उसकी सही मेंटेनेंस जरूरी है ताकि गर्मियों में दोबारा चालू करने पर किसी भी तरह की परेशानी न आए। इसके लिए कुछ बातों का जरूर ध्यान रखें। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

आइए, अब ऊपर दिए इन पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं।

मेन स्विच से पावर डिसकनेक्ट करें

एसी का प्लग निकालकर मेन स्विच से पावर सप्लाई बंद करें। इससे शॉर्ट सर्किट या वोल्टेज फ्लक्चुएशन से बचाव होता है। यूनिट पूरी तरह से सेफ रहती है।

बंद करने से पहले कराएं सर्विसिंग

सर्दियों की शुरुआत में एक बार एसी की सर्विसिंग जरूर कराएं। यह फिल्टर, गैस लेवल और वायरिंग की जांच सुनिश्चित करती है। ऑफ सीजन में सर्विसिंग सस्ती भी होती है।

एयर फिल्टर और कॉइल की डीप क्लीनिंग करें

लंबे समय तक बंद रहने पर एसी के फिल्टर में धूल और बैक्टीरिया जम जाते हैं। हल्के ब्रश या वैक्यूम क्लीनर से फिल्टर की सफाई करें। अगर गंदगी ज्यादा हो तो डिटर्जेंट या विनेगर के घोल में धोकर सुखा लें। कॉइल्स पर जमी धूल भी साफ करें ताकि कूलिंग इफिशिएंसी बनी रहे।

ड्रेन पाइप और ट्रे में जमा पानी निकालें

एसी बंद करने से पहले ड्रिप ट्रे और पाइप में बचा हुआ पानी पूरी तरह निकाल दें। पानी जमा रहने से जंग लगने और बैक्टीरिया पनपने का खतरा रहता है। यह बदबू और फंगस का कारण बन सकता है।

रिमोट की बैटरी निकालना न भूलें

लगभग 4-5 महीनों तक एसी का इस्तेमाल नहीं होगा। इससे बैटरी लीक होकर रिमोट को खराब कर सकती है। बैटरी निकालकर सूखे स्थान पर रखें। इससे रिमोट लंबे समय तक चलेगा।

एसी कवर और ग्रिल्स की सफाई करें

बाहर की ग्रिल और कवर को साफ कपड़े से पोंछ लें। चाहें तो इन्हें अलग निकालकर धो सकते हैं। इससे धूल जमने या ब्लॉकेज की संभावना कम होती है।

एसी को सही तरीके से कवर करें

आउटडोर यूनिट को वॉटरप्रूफ हार्ड प्लास्टिक कवर से ढंकें। पॉलिथीन या बंद कवर का इस्तेमाल न करें क्योंकि इससे नमी फंस सकती है और जंग लग सकता है। कवर ऐसा चुनें, जो वेंटिलेशन दे ताकि नमी बाहर निकल सके।

सवाल- विंडो एसी को खिड़की से हटाने का सुरक्षित तरीका क्या है?

जवाब- विंडो एसी को हटाना थोड़ा तकनीकी काम है, इसलिए सावधानी जरूरी है। सबसे पहले एसी का प्लग निकालें और बिजली की सप्लाई पूरी तरह बंद करें। खिड़की फ्रेम से एसी को जोड़े हुए सभी स्क्रू और सपोर्ट ब्रैकेट्स धीरे-धीरे निकालें। फ्रंट कवर और फिल्टर निकालें। इससे एसी का वजन थोड़ा कम हो जाएगा। विंडो एसी भारी होता है, इसलिए इसे एक व्यक्ति अकेले न उठाए। एक व्यक्ति बाहर से और एक अंदर से पकड़कर धीरे से बाहर निकालें।

ध्यान रखें कि एसी झुके नहीं। झुकने पर गैस या कूलेंट लीक हो सकता है। हटाने के बाद एसी को धूल और नमी से बचाने के लिए कपड़े या कवर से ढककर रखें। अगर पहली बार निकाल रहे हैं तो किसी तकनीशियन की मदद लेना सबसे सुरक्षित रहेगा।

सवाल- एसी को स्टोर करने से पहले सफाई कैसे करें?

जवाब- इसके लिए सबसे पहले फिल्टर निकालकर पानी से धोएं और सॉफ्ट ब्रश से साफ करें। अगर जिद्दी गंदगी हो तो डिटर्जेंट और विनेगर का मिक्सचर इस्तेमाल करें, फिर पूरी तरह सूखने दें।

सेंट्रल यूनिट्स में कंडेंसेट ड्रेन पैन की चेक करें। अगर रस्ट दिखे तो रस्ट रिमूवर लगाएं। आउटडोर यूनिट के कवर और ग्रिल्स को हटाकर वैक्यूम क्लीनर से साफ करें। नियमित सफाई से एसी की कूलिंग एफिशिएंसी बनी रहती है और अगले सीजन में सर्विस कॉस्ट भी कम होती है।

सवाल- सर्दियों में एसी के आउटडोर यूनिट को क्यों कवर करना जरूरी है?

जवाब- कवरिंग एसी को धूल-मिट्टी और मौसम की मार से बचाती है। आउटडोर पार्ट पर अक्सर पछी घर बना लेते हैं और गंदगी जम जाती है। ऐसे में कवर से पार्ट्स ब्लॉकेज रुकता है और रीइंस्टॉलेशन आसान होता है। नीचे दिए ग्राफिक से एसी के आउटडोर यूनिट को कवर करने के फायदे समझिए-

सवाल- एसी स्टोरेज के दौरान किस तरह की गलतियों से बचना चाहिए?

जवाब- कई लोग एसी पैक करते समय जल्दबाजी में कुछ गलतियां करते हैं, जो बाद में महंगे पड़ जाती हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- एसी को कवर करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

जवाब- शशिकांत उपाध्याय बताते हैं कि एसी को कवर करते समय इस बात का ध्यान रखें कि कवर वॉटरप्रूफ और ब्रीदेबल मटेरियल का हो, ताकि नमी अंदर जमा न हो। बहुत टाइट कवर लगाने से बचें क्योंकि इससे फंगस या बदबू की संभावना बढ़ जाती है।

इनडोर और आउटडोर यूनिट दोनों को ढकें, लेकिन वेंटिलेशन स्लॉट्स को पूरी तरह सील न करें। कवर लगाने से पहले एसी पूरी तरह सूखा और साफ होना चाहिए। इससे डस्ट, कीट-पतंगों और नमी से सुरक्षा बनी रहती है।

सवाल- क्या सर्दियों के महीनों में एसी को बीच-बीच में चलाते रहना जरूरी है?

जवाब- अगर आपने एसी को सर्विसिंग के बाद अच्छे से कवर कर दिया है तो उसे बार-बार चलाना जरूरी नहीं है। अच्छी सर्विसिंग और सही रख-रखाव से एसी के लंबे समय तक बंद रहने पर कोई फर्क नहीं पड़ता है।

हालांकि अगर आप चाहें तो सर्दियों के दौरान महीने में एक या दो बार एसी को कुछ देर के लिए चला सकते हैं। इससे कंप्रेसर में ऑयल सर्कुलेशन बना रहता है और सील को जाम होने से बचाया जा सकता है।

…………………….

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- मौसम बदलने पर बीमार क्यों पड़ते हैं?: बढ़ता इन 11 बीमारियों का रिस्क, बचाव के लिए फॉलो करें ये 12 हेल्थ टिप्स

जैसे-जैसे मौसम गर्मी से बरसात या बरसात से ठंड की ओर शिफ्ट होता है, कुछ लोग सर्दी-जुकाम, बुखार या एलर्जी की चपेट में आ जाते हैं। क्या आपने कभी सोचा कि आखिर ऐसा क्यों होता है। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *