श्रेयस अय्यर सिडनी के एक हॉस्पिटल में भर्ती हैं, अच्छी बात ये हैं कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है. कुछ दिन पहले वह आईसीयू में थे. भारतीय क्रिकेटर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में फील्डिंग के दौरान चोट लगी थी, जिसमें उनके स्प्लीन (तिल्ली) में गंभीर चोट लगी थी. इसके बाद वह दर्द से कराह रहे थे, उन्हें तुरंत ग्राउंड से बाहर ले जाया गया. अय्यर को सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल भर्ती किया गया. ये सभी जानकारी मीडिया के जरिए फैंस को पता चल रही थी, अब BCCI ने खुद भारतीय क्रिकेटर की हेल्थ पर अपडेट देते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है.
BCCI ने श्रेयस अय्यर की हेल्थ पर दिया अपडेट
बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया, “श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी तिल्ली में चोट लग गई और इंटरनल ब्लीडिंग भी हुई. चोट की तुरंत पहचान कर ली गई और रक्तस्राव तुरंत बंद कर दिया गया. उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है.”
बीसीसीआई ने बताया कि आज अय्यर का फिर स्कैन हुआ, इसमें सुधार देखने को मिला है. बोर्ड ने बताया, “मंगलवार, 28 अक्टूबर को दोबारा किए गए स्कैन में काफी सुधार दिखा है और श्रेयस अब ठीक हो रहे हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम, सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के परामर्श से, उनकी प्रगति पर नज़र रखेगी.”
Further medical update on Shreyas Iyer 👇
A repeat scan done on Tuesday, 28th October, has shown significant improvement, and Shreyas is on the road to recovery.
Details 🔽 #TeamIndia | #AUSvINDhttps://t.co/1EgBRO3lRI
— BCCI (@BCCI) October 28, 2025
कैसे लगी थी श्रेयस अय्यर को चोट
हर्षित राणा द्वारा डाले गए 34वें ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स कैरी ने सामने की तरफ मारना चाहा, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लगकर पीछे की तरफ गई. बैकवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े श्रेयस अय्यर को पीछे की तरफ दौड़ लगानी पड़ी, उन्होंने उलटे भागते हुए एक शानदार कैच पकड़ा लेकिन ग्राउंड पर गिरते हुए उन्हें चोट लग गई. इसके बाद वह दर्द में थे, फिजियो आए और उन्हें अपने साथ मैदान के बाहर ले गए. इस मैच में रोहित शर्मा (121) और विराट कोहली (74) ने नाबाद पारी खेलकर भारत को 9 विकेट से जीत दिलाई थी. हालांकि 3 मैचों की सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम की.
.