Sliver Jewelry Cleaning Tips: हर औरत की ज्वेलरी बॉक्स में एक जोड़ी चांदी की पायल या बिछिया जरूर होती है, ये गहने ना सिर्फ पैरों की शोभा बढ़ाते हैं बल्कि हमारे लुक में पारंपरिक खूबसूरती भी जोड़ते हैं, लेकिन वक्त के साथ अक्सर देखा गया है कि चांदी के गहनों की चमक फीकी पड़ जाती है और वो काले या मटमैले नजर आने लगते हैं. कई बार तो लोग सोचते हैं कि चांदी खराब हो गई है, लेकिन असल में ऐसा नहीं होता. दरअसल, हवा में मौजूद सल्फर और नमी के संपर्क में आने से चांदी पर एक पतली परत जम जाती है, जिससे उसकी चमक कम हो जाती है. इसके अलावा, रोजाना इस्तेमाल, पसीना, साबुन या बॉडी लोशन भी इसकी रौनक घटा देते हैं. त्यौहारों या खास मौकों पर जब पायल और बिछिया पहनने की बारी आती है, तो कई महिलाओं को लगता है कि इन्हें अब पहना नहीं जा सकता, लेकिन अच्छी बात ये है कि चांदी की पुरानी चमक वापस लाने के लिए आपको महंगे क्लीनर या ज्वेलरी शॉप पर जाने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों से ही आप अपनी पायल को फिर से नई जैसी बना सकती हैं. आइए जानते हैं वो आसान और असरदार तरीके.
अगर आपकी चांदी की पायल या बिछिया की चमक खत्म हो गई है, तो बेकिंग सोडा से बेहतर उपाय कोई नहीं. इसके लिए बस एक कटोरी में थोड़ा गुनगुना पानी लें और उसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा डालें. अब इस मिश्रण को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें. फिर किसी मुलायम टूथब्रश या सूती कपड़े की मदद से इस पेस्ट को पायल या बिछिया पर लगाएं. कुछ मिनट ऐसे ही छोड़ दें और फिर हल्के हाथों से रगड़ें. कुछ ही देर में गंदगी और कालापन गायब हो जाएगा. अब इन्हें साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें. आपकी पायल पहले जैसी चमकदार दिखने लगेगी.
2. साबुन और गुनगुना पानी – सबसे आसान उपाय
अगर आप बिना किसी झंझट के चांदी के गहनों को साफ करना चाहती हैं, तो ये तरीका आपके लिए परफेक्ट है. एक बाउल में गुनगुना पानी लें और उसमें हल्का साबुन मिलाएं. अब अपनी पायल या बिछिया को इसमें 10-15 मिनट के लिए डुबो दें. इससे गंदगी और तेल की परत ढीली पड़ जाएगी. इसके बाद नरम ब्रश या कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें. फिर साफ पानी से धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें. यह तरीका रोजमर्रा में चांदी की सफाई के लिए बिल्कुल सही है.
3. एल्युमिनियम फॉयल और बेकिंग सोडा का कमाल
त्यौहारों या शादी-ब्याह के वक्त अगर आपको पायल को झट से चमकाना है, तो एल्युमिनियम फॉयल वाला ये तरीका आजमाएं. एक गहरी कटोरी में गर्म पानी डालें, उसमें एल्युमिनियम फॉयल का टुकड़ा रखें. अब उसमें दो चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा नमक डालें. जब ये मिश्रण झाग देने लगे, तब अपने गहनों को इसमें डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें. इस प्रोसेस से आपकी पायल का कालापन गायब हो जाएगा और वो नई जैसी चमकने लगेगी.
4. नींबू और नमक का घरेलू नुस्खा
नींबू में मौजूद सिट्रिक एसिड चांदी की मैल साफ करने में बहुत असरदार होता है. एक नींबू को बीच से काटें, उस पर थोड़ा नमक छिड़कें और इसे पायल पर रगड़ें. कुछ देर बाद साफ पानी से धो लें, अगर आप चाहें तो नींबू के रस में थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकती हैं. इससे आपकी चांदी झटपट चमक जाएगी और उसमें नई सी रौनक लौट आएगी.
5. टूथपेस्ट से पाएं झिलमिलाती चमक
टूथपेस्ट सिर्फ दांतों के लिए नहीं, बल्कि चांदी के गहनों को चमकाने के लिए भी बहुत बढ़िया है. किसी मुलायम ब्रश पर थोड़ा टूथपेस्ट लगाएं और उसे गहनों पर हल्के हाथों से रगड़ें. कुछ मिनट बाद पानी से धो लें और सूती कपड़े से पोंछ दें. फर्क तुरंत नजर आएगा.
चांदी को लंबे समय तक चमकदार बनाए रखने के टिप्स
1. चांदी के गहनों को नमी या पसीने से दूर रखें.
2. इन्हें पहनने के बाद सूखे कपड़े से जरूर पोंछें.
3. इन्हें प्लास्टिक बैग या एयरटाइट बॉक्स में स्टोर करें.
4. परफ्यूम, क्रीम या साबुन के संपर्क से बचाएं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.