इंदौर के आजाद नगर इलाके में रहने वाली एक नवविवाहिता ने मंगलवार देर शाम अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति और देवर बाजार गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली। अप्रैल महीने में ही महिला की शादी हुई थी।
.
मृतका के मायके पक्ष ने इंदौर पहुंचकर पति, सास और ससुर पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दीपावली के पूजन के दिन भी रोशनी के साथ मारपीट की गई थी।
आजाद नगर पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम रोशनी (22) पति आनंद अर्थे है। उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजन उसे रात में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
परिवार के अनुसार, रोशनी का पति आनंद अपने भाई अजय और अन्य लोगों के साथ चाइनीज की दुकान पर नाश्ता करने गया था। वापस आने पर जब देवर अजय ने पार्सल देने के लिए कमरे में जाना चाहा, तो रोशनी वहां नहीं थी। दूसरी तरफ बालकनी की ओर देखने पर उसने रोशनी को फंदे से लटका देखा। इसके बाद अजय ने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया।
रोशनी का मायका कन्नौद में है। अप्रैल माह में ही रोशनी और आनंद की शादी हुई थी। वह लगभग तीन माह की गर्भवती थी। उसका पति आनंद फर्नीचर का काम करता है।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप बुधवार सुबह रोशनी के मायके पक्ष के लोग एमवाय अस्पताल पहुंचे। पिता हरीप्रसाद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पति, सास और ससुर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। वे उसे ताने मारते थे कि वह मायके से क्या लेकर आई है। दीपावली की शाम को भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसकी जानकारी रोशनी ने फोन पर अपनी मां को दी थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि रोशनी की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मायके पक्ष के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.