किराए पर कमरा ढूंढ रही महिला के साथ दुष्कर्म करने के तीन आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शिवम अहिरवार, खुशीलाल अहिरवार और रघुवर सिंह को आरोपी बनाया था। पीड़िता ने एफआईआर में तीनों का नाम लिखवाया था।
.
उसने बताया था कि खुशीलाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिवम ने उसे रघुवीर को 40 हजार रुपए में बेच दिया था। लेकिन कोर्ट में पीड़िता ने कहा कि रघुवीर और खुशीलाल ने उसके साथ दुष्कर्म नहीं किया था। सिर्फ शिवम ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके अलावा, तीनों आरोपियों के डीएनए भी निगेटिव आए थे। इसी आधार पर कोर्ट ने तीनों को बरी कर दिया। आरोपियों की ओर से एडवोकेट विमल मीणा ने पैरवी की।
यह है पूरा मामला
घटना 4 मार्च 2023 की है और निशातपुरा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने थाने में शिकायत की थी कि उसके पति का दूसरी महिला के साथ अफेयर था। इसलिए वह अलग रहना चाहती थी। इसके लिए वह कमरा ढूंढ रही थी। उसकी शिवम से जान-पहचान थी। शिवम ने कहा था कि वह उसे कमरा दिला देगा। इसके बाद पीड़िता अपने बच्चे के साथ शिवम के पास पहुंची थी।
शिवम उसे भानपुर पर मिला था। इसके बाद वह शिवम के साथ उसके घर गई थी। अगले दिन रघुवीर वहां पहुंचा। शिवम ने पीड़िता को रघुवीर के साथ जाने के लिए कहा। रघुवीर पीड़िता को अपने घर लेकर आया और अपने बेटे खुशीलाल से शादी करने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद खुशीलाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। रघुवीर पीड़िता से कहता था कि शिवम ने उसे 40 हजार रुपए में बेचा है। इसके बाद पीड़िता छिपकर भाग निकली और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
.