Home Tips And Tricks: सिर्फ जुगाड़ नहीं, कमाल की ट्रिक्स! जो आपके किचन को बना दें हाईटेक ज़ोन, जानें कैसे?

Home Tips And Tricks: हर घर में रोजमर्रा के काम होते हैं – कभी रोटी बनानी है, कभी बर्तन धोने हैं, कभी रसोई को संभालना है, लेकिन अगर ये काम आसान हो जाएं, तो दिन की आधी थकान वहीं खत्म हो जाती है. अक्सर हम छोटे-छोटे कामों में ही ज्यादा वक्त और मेहनत लगा देते हैं, जबकि थोड़ी-सी समझदारी और कुछ मजेदार किचन ट्रिक्स हमारे काम को न सिर्फ आसान बना सकती हैं, बल्कि बहुत मजेदार भी बना देती हैं. आजकल हर किसी के पास समय कम है और सब चाहते हैं कि काम जल्दी हो जाएं, पर सफाई और तरीके से भी हों. ऐसे में ये जरूरी हो जाता है कि हम जुगाड़ू सोच अपनाएं – मतलब वो छोटे-छोटे उपाय जो कम मेहनत में बड़ा काम कर दें. यहां हम कुछ ऐसे ही स्मार्ट हैक्स लेकर आए हैं जो आपके किचन से लेकर रोजमर्रा के हर काम को आसान बना देंगे. चाहे बात हो रोटियों को मुलायम रखने की, मक्खन निकालने की, या नमक को खराब होने से बचाने की – इन सबके लिए यहां हैं आसान और असरदार उपाय, ये ट्रिक्स न सिर्फ आपके काम को तेज बनाएंगी, बल्कि चीजों की बर्बादी भी रोकेंगी.

1. स्पून स्टैंड का आसान जुगाड़:
अगर आपके पास चम्मच रखने के लिए स्टैंड नहीं है, तो पोटैटो मैशर का इस्तेमाल कीजिए. उसके हैंडल में चम्मच टांग दीजिए और हो गया बढ़िया-सा स्पून स्टैंड! जगह भी बचेगी और आपकी रसोई साफ-सुथरी भी लगेगी.

2. रोटियों को रखें मुलायम:
अक्सर गर्मियों में रोटियां जल्दी सूख जाती हैं, अगर आपके पास माइक्रोवेव नहीं है, तो एक डब्बे में रोटियां कपड़े या नैपकिन में लपेटकर रखिए. अब प्रेशर कुकर में थोड़ा पानी डालिए, डब्बा रखिए और बस एक सीटी आने तक गैस जलाइए. रोटियां पहले जैसी मुलायम हो जाएंगी.

3. आम के छिलकों से बनाइए स्वादिष्ट सब्जी:
अब आम के छिलके फेंकिए मत! उन्हें प्रेशर कुकर में थोड़ा पानी डालकर दो सीटी तक उबालिए. फिर तेल में सौंफ, राय, करी पत्ता, हल्दी, मिर्च और धनिया डालकर मसाला भून लीजिए. अब उबले छिलके डालकर थोड़ा पकाइए. चाहें तो एक सीटी और लगाइए. तैयार है खट्टा-मीठा स्वाद – जो सब्जी, चटनी या अचार जैसा काम देगा.

4. आम के छिलकों की चिप्स:
छिलकों को सुखा लीजिए और फिर तलकर क्रिस्पी चिप्स बना लीजिए. ऊपर से डालिए चाट मसाला, नमक और मिर्च पाउडर. बच्चे इन्हें देखकर उंगलियां चाटते रह जाएंगे – और सबसे अच्छी बात, ये एनर्जी से भरपूर होती हैं.

5. मलाई से ज्यादा मक्खन निकालने की ट्रिक:
अगर आप मिक्सी में मलाई डालते वक्त ठंडा पानी और बर्फ दोनों डाल दें, तो मक्खन जल्दी और ज्यादा निकलेगा. पहले मलाई को थोड़ा चला लीजिए, फिर ठंडा पानी डालकर दोबारा चलाइए – नतीजा, ज्यादा मक्खन और कम मेहनत.

6. बचा हुआ मक्खन वाला पानी भी काम का:
जो पानी बचता है, उसे गैस पर गरम कीजिए और थोड़ा सिरका डालिए – इससे पनीर तैयार हो जाएगा, ये पनीर पराठे या भुर्जी के लिए एकदम सही रहता है. और जब ये पानी ठंडा हो जाए, तो इसे सिंक में डालिए – सिंक जाम भी नहीं होगा.

7. कांजी वाला प्याज – बिना तेल का अचार:
छोटे प्याज लें, बीच में हल्का चीरा लगाइए. अब ग्राइंड की हुई लाल राय, नमक, मिर्च, हल्दी और थोड़ा पानी मिलाकर प्याजों में डाल दीजिए. इसे पांच दिन तक रखिए. नतीजा – खट्टा-मीठा कांजी प्याज, जो न सिर्फ स्वाद बढ़ाएगा बल्कि डाइजेशन भी ठीक करेगा.

8. गीले नमक को फिर से नया बनाइए:
अगर नमक में पानी चला गया हो, तो उसे सूखे तवे पर धीमी आंच पर दो-चार मिनट चलाइए. जब पूरी तरह ठंडा हो जाए तो डब्बे में थोड़ा कच्चा चावल डालिए और फिर नमक रखिए. इससे नमक दोबारा कभी गीला नहीं होगा.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *