Last Updated:
Ranchi Sadar Hospital News: झारखंड की राजधानी रांची के सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है. 2,02,859 मरीजों का इलाज कर 115 करोड़ का क्लेम दर्ज कराया और 32 करोड़ की कमाई की है.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सदर अस्पताल ने एक बार फिर से अपनी उपलब्धियों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. जानकारी के अनुसार, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के सफल क्रियान्वयन में सदर अस्पताल पूरे देश भर में पहले स्थान पर रहा है.

इस अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना का सर्वाधिक लाभ मरीजों को दिलाया है. इससे हॉस्पिटल को कमाई भी हो रही है.115 करोड़ का क्लेम दर्ज कराया. बता दें कि आयुष्मान के तहत मिलने वाले हेल्थ इंश्योरेंस कवर के तहत 2,02,859 मरीजों ने अपना उपचार कराया है.

वहीं, अस्पताल ने कुल 115 करोड़ रुपए से अधिक राशि का क्लेम (प्री ऑथ) कराकर कमाई भी अर्जित की है. इसका मतलब है कि अगर मरीजों के अंतिम दावों का भी इसी अनुरूप निपटारा कर दिया जाए, तो मरीज बीमारियों पर अपनी जेब से 115 करोड़ से ज्यादा राशि को बचा पाने में कामयाब रहे.

इसके साथ ही, अस्पताल ने की 32 करोड़ की कमाई भी की है. मालूम हो कि सदर अस्पताल ने वित्तीय वर्ष 2024-2025 के दौरान महज तीन महीनों में ही 12 करोड़ रुपए का क्लेम दर्ज कराया है.

हालांकि, वित्तीय वर्ष 2023-2024 के दौरान भी रांची सदर अस्पताल ने अकेले 51,968 मरीजों का इलाज कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की थी. इस दौरान अस्पताल ने अकेले 32 करोड़ की कमाई अर्जित किया है.

अपनी इन्हीं उपलब्धियों को लेकर सदर अस्पताल ने देश भर के मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों में 2019 में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया था. 23 सितंबर 2018 को रांची से ही पीएम मोदी ने विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की थी.

इन क्लेम के पैसों से सदर अस्पताल अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को तो मजबूत कर ही रहा है. साथ ही, अब सर्जरी भी पहले मुकाबले काफी जल्दी हो रही है. ओटी काफी डेवलप हो रहा है व दवाइयां भी अब समय पर अवेलेबल हो रही है. ऐसे में सुचारू रूप से अस्पताल को चलाने में यह पैसे काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.