Last Updated:
Sofa Cleaning Tips: दीपावली की तैयारी में घर की साफ-सफाई का खास महत्व होता है. इस दौरान सोफा और फर्नीचर भी गंदे हो जाते हैं और उन्हें साफ करना कई बार मुश्किल लगता है. लेकिन, कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाकर आप अपने सोफे को नए जैसा चमकदार और दाग-मुक्त बना सकते हैं.
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही घरों की साफ-सफाई शुरू हो जाती है. इस दौरान हर घर में फर्नीचर का रोजाना उपयोग होता है, जिससे सोफे गंदे हो जाते हैं और उन्हें साफ करना अक्सर काफी मुश्किल लगने लगता है. ऐसे में हम आपको कुछ आसान तरीके बता रहे हैं, जिनसे आप अपने सोफे को साफ और नया जैसा बना सकते हैं.

सोफे को बाहर निकालकर करीब 5 घंटे तक धूप में रखें. इसके बाद सोफे की धूल साफ कर लें. सोफे की दरारों और कोनों में अक्सर धूल-मिट्टी जम जाती है, जिसे वैक्यूम क्लीनर से हटाया जा सकता है. यदि वैक्यूम क्लीनर नहीं है, तो आप सूखे मुलायम कपड़े से भी धूल को आसानी से हटा सकते हैं.

गंदा सोफा देखने में अच्छा नहीं लगता. आप आसान तरीके से सोफे पर लगे दाग को नींबू की मदद से हटा सकते हैं. इसके लिए, दाग वाली जगह पर नींबू का रस स्प्रे करें और 15–20 मिनट बाद किसी कॉटन कपड़े से रगड़कर साफ कर लें. जरूरत के अनुसार आप थोड़ा पानी भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

बेकिंग सोडा पाउडर की मदद से भी सोफे के दाग-धब्बे और गंदगी को आसानी से हटाया जा सकता है. इसके लिए, बेकिंग सोडा को सोफे पर छिड़कें. बेहतर असर के लिए इसे रात भर सोफे पर फैला छोड़ दें और सुबह वैक्यूम क्लीनर से अच्छी तरह साफ कर लें. बेकिंग सोडा सोफे की गंदगी को पूरी तरह साफ करने के साथ-साथ बदबू भी दूर कर देता है.

सोफे पर पड़े दाग-धब्बों को हटाने के लिए सिरका (विनेगर) वाला पानी भी बहुत कारगर साबित होता है. इसके लिए आधा कप विनेगर में आधा कप पानी मिलाकर एक स्प्रे बॉटल में भरें और अच्छी तरह मिक्स करें. इसे दाग-धब्बों वाली जगह पर स्प्रे करें और एक घंटे बाद किसी साफ कपड़े से रगड़कर साफ कर दें. इससे सोफा नए जैसा चमकने लगेगा.

अगर आपके सोफे पर तेल या खाने के दाग पड़ गए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. नींबू का रस और थोड़ा सा नमक मिलाकर दाग वाली जगह पर लगाएं. कुछ मिनट बाद गीले कपड़े से साफ कर दें. नींबू की एसिडिक प्रकृति दाग को तोड़ देती है और सोफा नए जैसा दिखने लगता है, जिससे दागों से छुटकारा मिल जाता है.
.