Quick Indian Desserts For Diwali : दिवाली रोशनी, खुशियों और मिठाइयों का त्योहार है. त्योहार की तैयारियों के बीच अक्सर लोगों को मिठाई बनाने का समय नहीं होता. ऐसे में वे बाजार से खरीदना आसान समझते हैं. लेकिन बाजार में मिलावटी मिठाइयों ने चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में अगर आप मेहमानों का स्वागत होममेड मिठाइयों से किया जाए तो यह सेहत के लिए भी अच्छा है और बनाने में समय भी कम लगता है. यही नहीं, दिवाली के मजा को भी ये काफी बढ़ा देते हैं. आइए जानते हैं सात ऐसी झटपट मिठाइयों के बारे में, जो आपके त्योहार को मीठा बना देंगी.
बेसन की बर्फी:
बेसन की बर्फी हर घर की फेवरेट मिठाई होती है. इसे बनाने के लिए गरम घी में बेसन को तब तक भूनें जब तक इसकी खुशबू न आने लगे. अब इसमें पिसी चीनी और थोड़ा दूध या कंडेंस्ड मिल्क डालें. अच्छी तरह मिलाकर इसे ट्रे में फैला दें. 10-12 मिनट ठंडा होने दें और फिर डायमंड शेप में काट लें. ऊपर से पिस्ता से गार्निश करें.
काजू कतली:
काजू कतली दिवाली की सबसे फेमस मिठाई है. इसे बनाने के लिए काजू को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. अब चीनी की चाशनी में थोड़ा घी डालकर काजू पाउडर मिलाएं. धीमी आंच पर गाढ़ा होने तक चलाएं. जब मिश्रण जमने लगे, तो इसे बेलकर डायमंड शेप में काट लें. ऊपर से वर्क या कटे पिस्ते लगाएं, तैयार है शाही मिठाई!
नारियल के लड्डू:
अगर आपके पास कम समय है, तो नारियल लड्डू परफेक्ट ऑप्शन है. सूखे नारियल को हल्का सा घी में भूनें, फिर इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालकर चलाते रहें. जब मिश्रण पैन छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू बना लें. चाहें तो इलायची या केसर डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं.
रवा केसरी:
सूजी, घी, दूध और केसर से बनने वाला रवा केसरी हलवा 15 मिनट में तैयार हो जाता है. सूजी को हल्का भूनें, फिर गर्म दूध और चीनी डालें. लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें. अंत में इसमें घी और भुने हुए काजू-किशमिश डालें. इसकी खुशबू से पूरा घर दिवाली के रंग में रंग जाएगा.
मावा मोदक:
मोदक को लेकर लोग सोचते हैं कि इसे बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसा नहीं है. तैयार मावा लें, उसमें चीनी, इलायची पाउडर और कटे ड्राई फ्रूट्स मिलाएं. इस मिश्रण को मोदक के सांचे में भरें या छोटे-छोटे पेड़ा शेप में बना लें. ऊपर से चांदी का वर्क लगाएं, दिखने में खूबसूरत और स्वाद में लाजवाब.
इंस्टेंट मिल्क पाउडर कलाकंद:
कलाकंद का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुल जाती है. इसे इंस्टेंट बनाने के लिए घी में मिल्क पाउडर, थोड़ा दूध और कंडेंस्ड मिल्क डालकर धीमी आंच पर चलाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर छोड़ने लगे, तो इसे प्लेट में जमाएं और ठंडा करें. 15 मिनट में मुलायम कलाकंद तैयार है.
पेड़ा:
दिवाली के उपहार के लिए पेड़ा एकदम सही मिठाई है. तैयार मावा को धीमी आंच पर हल्का भूनें, फिर उसमें चीनी और इलायची डालें. जब मिश्रण बाइंड होने लगे, तो छोटे-छोटे पेड़े बना लें. ऊपर से पिस्ता लगाकर ठंडा करें. इसे कुछ दिनों तक स्टोर भी किया जा सकता है.
दिवाली में मिठाइयों की मिठास ही त्योहार को पूरा बनाती है. इन सात पारंपरिक लेकिन झटपट बनने वाली रेसिपीज़ के साथ आप बिना ज़्यादा मेहनत के हर घर में त्योहार का स्वाद घोल सकते हैं. तो इस दिवाली, बाजार की भीड़ छोड़ें और घर पर बनाएं ये स्वादिष्ट मिठाइयां, क्योंकि असली दिवाली वहीं है, जहां अपने हाथों से बनी मिठास हो.
.