Last Updated:
Bathroom Tap Cleaning: बेतिया के प्लंबर भोला राम बताते हैं कि विनेगर और बेकिंग सोडा से बाथरूम के नल की जंग व गंदगी आसानी से हटाई जा सकती है. जिससे नल नए जैसे चमकने लगते हैं.
घर के बाथरूम में लगे नलों की स्थिति एक समय के बाद बेहद बुरी हो जाती है. स्टील हो या फाइबर, लगातार पानी के संपर्क में रहने की वजह से उनकी चमक तो खत्म हो ही जाती है, साथ ही उनपर जंग और फफूंद जैसी गंदगी भी जमा हो जाती है.

बिना किसी खर्च के इससे छुटकारा पाने के लिए क्या किया जाए, इसपर विशेष जानकारी देते हुए बेतिया के प्रसिद्ध प्लंबर भोला राम बताते हैं कि नलों से दाग, जंग और सफेद परत को हटाने के लिए किचन में रखी कुछ चीजों का उपयोग कर सकते हैं.

बकौल भोला, सबसे पहले एक कटोरे में विनेगर और बेकिंग सोडा को मिलाकर उसका पेस्ट बना लें. फिर पेस्ट को नल के ऊपर और उसके आस पास के प्रभावित क्षेत्र पर अच्छी तरह से लगाएं और करीब आधे घंटे तक छोड़ दें.

समय पूरा होने के बाद कपड़े को हटाएं और एक पुराने ब्रश या स्पंज की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें. इतना करते ही लंबे समय से जकड़ी गंदगी साफ होते नजर आएगी, जिसे पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें.

आप देखेंगे कि बिना किसी खर्च के महज़ आधे घंटे में ही बाथरूम का पुराना नल अब नए की तरह चमकने लगेगा. जानकार बताते हैं कि गंदगी से जकड़े नल पर यदि नींबू-बेकिंग सोडा या विनेगर-बेकिंग सोडा का मिश्रण लगाते हैं, तो इससे नल के ऊपर जमी गंदगी की परत निकल जाती है.

मजे की बात यह है कि आप इस कार्य को हर सप्ताह कर सकते हैं. इससे नल की चमक और उसकी ड्यूरेबिलिटी बनी रहेगी और आपको फिजूल के खर्च से छुटकारा मिलेगा.
.