Lotus Growing Tips : कमल का फूल सिर्फ एक सुंदर पौधा नहीं है, यह भारतीय संस्कृति, धर्म और आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है. इसे शांति, पवित्रता और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि बहुत से लोग चाहते हैं कि उनके घर में कमल का पौधा हो. यह न केवल घर की शोभा बढ़ाता है, बल्कि सकारात्मकता भी फैलाता है. आमतौर पर लोग सोचते हैं कि कमल उगाना मुश्किल होता है या इसके लिए खेत जैसी जगह चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है. थोड़ी सी जानकारी और सही तरीका अपनाकर इसे आप घर के गमले में भी उगा सकते हैं. कमल जल में उगने वाला पौधा है, जिसकी जड़ें कीचड़ में होती हैं और फूल पानी की सतह पर खिलते हैं. इसका एक खास गुण यह है कि यह गंदे पानी में भी खिलता है, लेकिन फिर भी इसका रंग और रूप एकदम साफ और सुंदर रहता है. यही कारण है कि यह फूल जीवन में कठिनाई से न डरने और हमेशा आगे बढ़ने की सीख भी देता है.
कमल के फूल को घर पर उगाने की पूरी प्रक्रिया
1. बीज का चुनाव
कमल को दो तरीकों से उगाया जा सकता है – बीज से या फिर कंद से. लेकिन घर में गमले के लिए बीज से उगाना ज्यादा सुविधाजनक होता है. कमल के बीज बाजार में अक्सर “कमल गट्टे” के नाम से मिलते हैं. अगर आपके पास ये उपलब्ध नहीं हैं, तो इन्हें ऑनलाइन भी मंगाया जा सकता है.
2. बीज को तैयार करना
बीज को सीधा मिट्टी में लगाने से वह जल्दी नहीं उगता. इसके लिए सबसे पहले बीज को कुछ दिन पानी में भिगोकर रखना होता है. पानी में डालने से बीज की ऊपरी परत नरम हो जाती है और अंकुर जल्दी निकलता है. आमतौर पर 15 से 20 दिनों में बीज से छोटा पौधा निकल आता है और जड़ें बनने लगती हैं.
हर दिन पानी बदलना जरूरी होता है, नहीं तो बीज सड़ सकते हैं. जैसे ही बीज से जड़ें दिखने लगें, समझ लीजिए अब यह पौधा मिट्टी में लगाने के लिए तैयार है.
3. गमला और मिट्टी तैयार करना
कमल उगाने के लिए चौड़ा और गहरा गमला लेना चाहिए. खास बात यह है कि गमले में कोई छेद नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसमें पानी भरकर रखना होता है. अब गमले की सबसे नीचे की परत में गोबर की खाद (लगभग 2 इंच मोटी) बिछाएं. इसके ऊपर मिट्टी की एक परत डालें और थोड़ा पानी मिलाकर कीचड़ जैसा मिश्रण बना लें.
अब जो अंकुरित बीज हैं, उन्हें इस कीचड़ में धीरे से लगाएं. ध्यान रहे कि सिर्फ जड़ें ही कीचड़ में जाएं, ऊपर की पत्तियों को मिट्टी से ढकना नहीं है.
4. धूप और पानी की व्यवस्था
गमला तैयार होने के बाद उसमें पानी भर दें. पानी इतना हो कि पौधे की पत्तियां पानी की सतह पर तैरती रहें. अब इस गमले को ऐसी जगह रखें जहां पूरे दिन धूप आती हो. कमल के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है, तभी उसमें फूल आ पाते हैं.
5. देखभाल और समय
एक बार जब पौधा जम जाता है, तो ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. बस समय-समय पर पानी बदलते रहें और गमले को साफ रखें. लगभग 3 से 5 महीनों में पौधे पर पहला फूल खिलने लगता है.
कमल से जुड़ी दिलचस्प बातें
-गुलाबी कमल भारत और वियतनाम का राष्ट्रीय फूल है.
-यह सफेद, लाल, नीला, पीला और जामुनी रंग में भी पाया जाता है.
-कमल के सभी हिस्से – पंखुड़ी, पत्ते, बीज और जड़ें – उपयोगी होते हैं और कई जगहों पर खाए भी जाते हैं.
-यह पौधा कई वर्षों तक जीवित रह सकता है और हर साल नए फूल देता है.
.