Last Updated:
Chhindwara Cough Syrup LIVE Update: छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में कैंडल मार्च का ऐलान किया है.
Congress Candle March: छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है. घटना के बाद अब कांग्रेस ने मोर्चा संभाल लिया है. आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता कैंडल मार्च निकालेंगे. पार्टी ने भोपाल से लेकर हर जिले के अध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए हैं जनता के बीच जाकर आवाज़ उठाओ.
राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रोशनपुरा चौराहे से बोर्ड ऑफिस तक कैंडल लेकर पैदल मार्च करेंगे. इसी तरह इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सागर और उज्जैन में भी कांग्रेस जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनता के बीच जाकर सरकार से जवाब मांगें.
पार्टी नेताओं का कहना है कि बच्चों की जान कोई सियासी मुद्दा नहीं, इंसानियत का सवाल है. वहीं, बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस इस मामले का राजनीतिकरण कर रही है और जांच रिपोर्ट आने से पहले नतीजे निकालना सही नहीं. इस बीच, स्वास्थ्य विभाग की टीम छिंदवाड़ा में जांच में जुटी है. संदिग्ध कफ सिरप के सैंपल भोपाल की लैब में भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि सिरप में ज़हर था या उत्पादन में कोई गड़बड़ी हुई.
October 9, 2025 08:21 IST
छिंदवाड़ा से बड़ी खबर, राजेश सोनी को पुलिस ने देर रात किया रिहा
डॉ प्रवीण सोनी के भतीजे राजेश सोनी को पुलिस ने देर रात रिहा कर दिया. बैच नंबर में गड़बड़ी के मामले में पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी. इस बीच, डॉ प्रवीण सोनी की पत्नी चित्रा सोनी गायब हो गई हैं. चित्रा सोनी छिंदवाड़ा और सिवनी के मेडिकल स्टोर्स की संचालिका हैं. दोनों मेडिकल स्टोर्स की स्थिति पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
October 9, 2025 07:57 IST
छिंदवाड़ा: नागपुर मेडिकल कॉलेज में किडनी फेलियर से एक और बच्चे की मौत
नागपुर मेडिकल कॉलेज में किडनी फेलियर से एक और बच्चे की मौत हो गई. 3 साल का मयंक, जो उमरेड का निवासी था, 12 दिनों से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था और रात 12:00 बजे उसने दम तोड़ दिया. अकेले छिंदवाड़ा में किडनी फेलियर से मरने वालों का आंकड़ा अब 19 हो गया है.
.