जो जन्मा है उसकी मृत्यु भी निश्चित है. वजह चाहें जो भी हो, यही विधि का विधान है. लेकिन, अगर किसी की मौत चर्चा का विषय बन जाए तो उसके पीछे जरूर कुछ न कुछ वजह होती है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर से सामने आई है. इसको जिसने सुना, हैरान रह गया. मामला 75 साल के बुजुर्ग संगरू राम की मौत से जुड़ा है. यहां 75 वर्षीय संगरू राम ने एक 35 साल की महिला से शादी की, ताकि उससे कोई संतान पैदा हो सके. लेकिन, सुहागरात के बाद ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई. सुबह होते-होते बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया. ऐसे में वह संतान सुख पाना तो दूर, अपनी जिंदगी की जंग से ही हार गया. ऐसे में सवाल है क्या 70 साल के बाद संतान सुख मिल सकता है? 70 के बाद पिता बनने में क्या-क्या परेशानियां आती हैं? अगर 75 साल का व्यक्ति बच्चा पैदा करना चाहे तो क्या करे? 70 से अधिक उम्र में पिता बनने के लिए डॉक्टर की सलाह क्या है? आइए जानते हैं इस बारे में-
यूरोलॉजिस्ट डॉ. अमरेंद्र पाठक के मुताबिक, 70 की उम्र के बाद संतान सुख मिलना एक असामान्य और दुर्लभ स्थिति होती है, लेकिन यह असंभव नहीं है. क्योंकि, पुरुषों का वीर्य मरते दम तक बनता रहता है. हालांकि, स्पर्म क्वालिटी और काउंट में कमी आ सकती है. हालांकि, यह परेशानी आज के मेडिकल साइंस में दूर की जा सकती है. बता दें कि, एक उम्र के बाद शुक्राणुओं की गुणवत्ता कम हो जाती है, लेकिन 75 साल की उम्र में भी पुरुष जैविक पिता (IVF, डोनर एग,आदि) बन सकते हैं. बशर्ते उनकी सेहत अच्छी हो और शुक्राणु उत्पादन जारी हो. इसके लिए प्रॉपर मेडिकल चेकअप, शारीरिक और मानसिक सेहत में सुधार रखें.
70 के बाद पिता बनने में क्या-क्या परेशानियां आती हैं?
70 या 75 साल में पिता बनने की संभावना मेडिकली संभव है, लेकिन इसके साथ कुछ समस्याएं और जोखिम जुड़े होते हैं. नोएडा की सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मीरा पाठक बताती हैं कि, उम्र के साथ शुक्राणुओं की संख्या (sperm count), गतिशीलता (motility) और डीएनए की गुणवत्ता में बड़ी गिरावट आती है. ऐसा होने से गर्भधारण में दिक्कत हो सकती है या फिर IVF की ज़रूरत पड़ सकती है.
70 से ऊपर के व्यक्ति की संतान के जोखिम?
डॉक्टर बताती हैं कि, अगर कोई 70 से अधिक उम्र में पिता बन भी जाता है तो संतान में जन्म दोष और अनुवांशिक बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है. इसके लिए उनके बच्चे ऑटिज़्म (Autism), स्किज़ोफ्रेनिया और बौद्धिक अक्षमता जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसके अलावा, बच्चे की परवरिश में भी परेशानी हो सकती है, क्योंकि जब बच्चा 10-15 साल का होगा, तब पिता की उम्र 80-85 के आसपास होगी.
70 से अधिक उम्र में पिता बनने के लिए डॉक्टर की सलाह?
एक्सपर्ट के मुताबिक, 70 साल के बाद पिता बनना मेडिकली संभव तो है, लेकिन यह निर्णय गंभीर हो सकता है. इसलिए ठीक से सोच-विचार कर डॉक्टर और परिवार की सहमति के साथ आगे बढ़ें. इसके लिए सबसे पहले किसी संबंधित डॉक्टर से सलाह लें. पूरी शारीरिक जांच करवाएं. फिर डॉक्टर के बताए एहतियात को फॉलो करें.
.