Last Updated:
Dussehra Bhopal News: अटल दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे दशानन के पुतले को नशे में धुत युवक और युवती ने चुपके से आग के हवाले कर दिया. आग लगाने के बाद आरोपी भाग निकले. पुलिस के आने तक पुतला पूरी तरह खाक हो चुका था.
भोपाल. अजब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अब तो रावण भी सुरक्षित नहीं है. अब हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि देशभर में जब गुरुवार को विजयादशमी की तैयारियां हो रही थीं, उसी वक्त भोपाल में सुबह के 6 बजे आशिमा मॉल के पास रावण के पुतले को आग के हवाले कर दिया गया. अब रात को दहन होने वाले रावण को सुबह जलते देख लोग भी चौंक गए. यह पूरा मामला भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र का है. सुबह-सुबह रावण के जलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस पुतले को आग लगाने वालों का पता लगा रही है. सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
राजधानी भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास सुबह 6 बजे तब हड़कंप मच गया और लोग दंग रह गए, जब उन्होंने रावण के पुतले को जलते देखा. बताया जा रहा है कि यहां के अटल दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले को नशे में धुत युवक और युवती ने चुपके से आग के हवाले कर दिया. पुलिस के आने तक पुतला पूरी तरह जल चुका था. इतना ही नहीं, पुतले को सुबह-सुबह आग लगाने के बाद युवक और युवती बिना नंबर वाली गाड़ी से फरार भी हो गए.
भोपाल में 28 जगहों पर विजयादशमी के दिन रावण दहन के विशेष आयोजन हुए. इसी बीच भोपाल के अटल दशहरा मैदान में जो हुआ, उसे सुन लोग हैरान भी थे और आक्रोशित भी. मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब रावण को जलते देखा और पुतले से आतिशबाजी होते देखी, तो एक बार के लिए तो उनको भी यकीन नहीं हुआ. वहां मौजूद एक युवक ने रावण दहन का वीडियो बनाया और बताया कि लाल रंग की कार से आए लड़का-लड़की ने रावण के पुतले को आग लगा दी और वहां से भाग खड़े हुए. रावण का पुतला खाक हो चुका था. जिसके बाद अटल दशहरा उत्सव समिति ने दूसरे पुतले का इंतजाम कर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया. मिसरोद पुलिस भी इस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.