मेडिकल कॉलेज गेट पर जाम खत्म करने की तैयारी, यातायात पुलिस ने अवैध दुकानों पर चलाई कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट के सामने लगी अवैध दुकानों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कॉलेज प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाइश दी। इन दुकानों के कारण मरीजों और एंबुलेंस को आवागमन में लगातार परेश
.
कॉलेज प्रबंधन ने यातायात विभाग को पत्र लिखकर बताया था कि मुख्य गेट के सामने कई दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों के सामने अक्सर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे मरीजों और एंबुलेंस का आवागमन बाधित होता है। स्टाफ को भी कैंपस आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। पत्र में इन अवैध दुकानों को हटाने की मांग की गई थी।
शुक्रवार को यातायात सूबेदार प्रियंका शर्मा अपनी टीम के साथ कॉलेज गेट पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि गेट के सामने से दुकानें हटानी होंगी।
प्रियंका शर्मा ने कहा, “मेडिकल कॉलेज गेट पर एंबुलेंस और मरीजों की आवाजाही प्राथमिकता है। दुकानों और वाहनों की वजह से बाधा उत्पन्न होना गंभीर मामला है। इसलिए जल्द अतिक्रमण हटाना अनिवार्य है।”
यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से चर्चा भी हुई। पुलिस ने उन्हें समझाया कि गेट के सामने दुकानें चलाने से न सिर्फ अव्यवस्था फैल रही है, बल्कि मरीजों की जान को भी खतरा हो सकता है। इस पर दुकानदारों ने जल्द ही अपनी दुकानें हटाने और यातायात में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदारों ने उम्मीद जताई है कि इस कार्रवाई के बाद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और एंबुलेंस की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सकेगी। यातायात विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि यदि दुकानदार स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाते, तो अगली बार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम आवश्यक था, क्योंकि लंबे समय से गेट के सामने दुकानों और वाहनों की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब उम्मीद है कि मरीजों को आसानी से अस्पताल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

.